राजकीय महाविद्यालयों में सबसे अधिक आवेदन, कई कोर्सों में सीटों से ज्यादा दावेदार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के सरकारी कॉलेजों में स्नातक प्रथम वर्ष में दाखिले को लेकर छात्रों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। सेक्टर-16 स्थित राजकीय महिला महाविद्यालय और राजकीय महाविद्यालय में बीबीए और बीकॉम जैसे प्रोफेशनल कोर्सों की एक-एक सीट पर औसतन पांच-पांच छात्रों ने आवेदन किया है, जिससे दाखिले की प्रतिस्पर्धा काफी बढ़ गई है।
उच्च शिक्षा जिला अधिकारी एवं राजकीय महिला महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. सुनिधि ने बताया कि में बीबीए की 60 सीटों पर 360, जबकि बीकॉम की 160 सीटों पर 520 आवेदन प्राप्त हुए हैं। बीए में 240 सीटों के लिए 800 से अधिक आवेदन आए हैं। इसके अलावा बीसीए की 40 सीटों पर 200, बीजेएमसी की 40 सीटों पर 70, साइंस संकाय की 80 सीटों पर 320 और बीटीटीएम की 60 सीटों पर 100 छात्रों ने आवेदन किया है।
फरीदाबाद जिले के कुल 12 महाविद्यालयों में इस बार कुल 11,107 सीटें उपलब्ध कराई गई हैं। इनमें 5,560 सीटें सरकारी कॉलेजों में, 5,047 सीटें अर्ध-सरकारी महाविद्यालयों में व 500 सीटें निजी संस्थानों में निर्धारित हैं।
छात्रों की प्राथमिकता स्पष्ट है कि वे अभी भी सरकारी कॉलेजों को ज्यादा महत्व दे रहे हैं, खासकर उन कोर्सों में जहां रोजगार की संभावनाएं अधिक हैं। व्यावसायिक और तकनीकी पाठ्यक्रमों में बढ़ती रुचि इस बात का प्रमाण है कि छात्र अब कॅरिअर को केंद्र में रखकर विषय का चुनाव कर रहे हैं।
कॉलेज प्रशासन के अनुसार, प्रोविजनल मेरिट लिस्ट जारी करने के बाद और यदि किसी छात्र के दस्तावेजों या अंकों में कोई त्रुटि पाई जाती है तो उसे सुधारने का अवसर दिया जाएगा। अंतिम मेरिट सूची से पहले सभी खामियों को दूर किया जाएगा ताकि योग्य छात्रों को दाखिले में कोई दिक्कत न हो।