हरियाणा सरकार का पांच एस पर बल
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार तीन सी पर कड़ा प्रहार कर रही है। ये तीन सी हैं- करप्शन, क्राइम और कास्ट। वहीं, पांच एस यानी शिक्षा, स्वास्थ्य, सुरक्षा, स्वाभिमान और स्वावलंबन पर जोर दे रहे हैं। हमारी सरकार ने आईटी आधारित सिस्टम बनाए हैं। परिवार पहचान पत्र ऐसी ही महत्वाकांक्षी परियोजना है। किसानों की सहायता के लिए मेरी फसल-मेरा ब्योरा पोर्टल बनाया। ऑनलाइन स्थानांतरण नीति बनाई। पिछली सरकारों ने गांवों को 24 घंटे बिजली देने की सिर्फ बात की, लेकिन हमारी सरकार आज गांवों में 24 घंटे बिजली दे रही है। हरियाणा पहला राज्य है, जहां पढ़ी-लिखी पंचायतें हैं।
धान खरीद के नौ हजार करोड़ रुपये 72 घंटों के अंदर खातों में डाले : चौटाला
उपमुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला ने कहा कि तीन साल पहले हरियाणा में भाजपा-जजपा की गठबंधन की सरकार बनी थी। इन तीन साल में हरियाणा सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भारत की प्रगति के सपने व विजन को हरियाणा में पूरी तरह से साकार किया है। कोरोना महामारी के बावजूद हरियाणा कई आयामों में अग्रणी रहा। डीबीटी के मामले में हरियाणा पहला राज्य बना है। धान की खरीद के नौ हजार करोड़ रुपये डीबीटी के माध्यम से 72 घंटों के अंदर-अंदर सीधे किसानों के बैंक खातों में डाले गए हैं।
प्रधानमंत्री और गृह मंत्री के नेतृत्व में भारत की तस्वीर बदली : गुर्जर
केंद्रीय राज्य मंत्री कृष्ण पाल गुर्जर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के नेतृत्व में आज दुनिया में भारत देश की छवि बदली है। दुनिया में भारत के प्रति विश्वास बढ़ा है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल के कुशल नेतृत्व में हरियाणा की तस्वीर बदली है। हरियाणा में नेशनल हाईवे, रेलवे कॉरिडोर बन रहे हैं। विकास की दृष्टि से हरियाणा आगे बढ़ रहा है।
हरियाणा विकास की राह पर : धनखड़
भाजपा अध्यक्ष ओम प्रकाश धनखड़ ने अमित शाह का हरियाणा आगमन पर अभिनंदन करते हुए कहा कि मनोहर टीम ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आशीर्वाद से हरियाणा में विकास की नई इबारत लिख दी है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय मंत्री का नाम अमित शाह की जगह अमिट शाम होना चाहिए। धनखड़ ने हरियाणा को विभिन्न विकास परियोजनाओं की सौगात देने के लिए अमित शाह और अश्विनी वैष्णव का आभार जताया।
प्रदेश में मेरिट पर योग्य युवाओं को नौकरी : मूलचंद शर्मा
कैबिनेट मंत्री मूलचंद शर्मा ने कहा कि यह जन उत्थान रैली एतिहासिक रैली है। रैली के माध्यम से मुख्यमंत्री मनोहर लाल सरकार के आठ साल पूरे होने पर उनका धन्यवाद किया जा रहा है। प्रदेश में मेरिट पर योग्य युवाओं को नौकरियां मिल रही हैं। भ्रष्टाचार खत्म करने का काम मुख्यमंत्री ने किया है। नई भूमि अधिग्रहण कानून बनाकर किसानों की सहमति से भूमि अधिग्रहण की जा रही है।
ये रहे मौजूद
विधायक दीपक मंगला, राजेश नागर, प्रवीण डागर, नरेंद्र गुप्ता, नयन पाल रावत, भाजपा के जिला अध्यक्ष गोपाल शर्मा, विधायक सीमा त्रिखा, सोनीपत के विधायक मोहन लाल ने भी रैली संबोधित किया। इस मौके पर भाजपा हरियाणा प्रभारी बिप्लब देब, पूर्व मंत्री रामबिलास शर्मा, पूर्व मंत्री विपुल गोयल, अमित आर्य, डॉ. अमित कुमार अग्रवाल, पुलिस आयुक्त विकास अरोड़ा व डीसी विक्रम सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।