संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे की ओर से यात्रियों को स्वच्छ और सुरक्षित यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए एक विशेष पहल की जा रही है। 17 सितंबर बुधवार से मथुरा, पलवल, बल्लभगढ़, फरीदाबाद होकर नई दिल्ली जाने वाली ईएमयू ट्रेनों में स्वच्छता अभियान की शुरुआत होगी। इस अभियान के तहत रेलवे कर्मचारी और सफाईकर्मी मिलकर ट्रेनों के कोच, सीटें, फर्श और शौचालयों की गहन सफाई करेंगे। इसका उद्देश्य यात्रियों को स्वच्छ वातावरण उपलब्ध कराना है।
वाणिज्य निरीक्षक रेलवे अधिकारी राजेश कुमार ने बताया कि इस विशेष सफाई अभियान में न केवल कोचों की सामान्य सफाई की जाएगी बल्कि धूल, गंदगी और दुर्गंध को दूर करने के लिए विशेष रसायनों और मशीनों का भी इस्तेमाल होगा। यात्रियों की शिकायतों और सुझावों को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने यह निर्णय लिया है ताकि ट्रेन की स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।