फरीदाबाद। खाद्य प्रसंस्करण और कृषि आधारित उद्योगों में विकास, नवाचार और वैश्विक बाजार की संभावनाओं को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत फूड एंड एग्रो 2047 राष्ट्रीय कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में देशभर के उद्यमियों को बुलाया गया है। स्थानीय उद्यमियों को भी इसके लिए न्यौता मिला है।
लघु उद्योग भारती के जिलाध्यक्ष अमृतपाल कोचर ने बताया कि जिला लघु उद्योग भारती ने प्रदेश की सभी जिला इकाइयों के अध्यक्षों और सचिवों से इस राष्ट्रीय सम्मेलन में अधिक से अधिक उद्यमियों की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया है। संगठन की ओर से जारी संदेश में जिला इकाइयों को अपने-अपने क्षेत्रों के सदस्यों और उद्यमियों को कार्यक्रम की जानकारी देने तथा उनका जल्द से जल्द पंजीकरण करवाने के निर्देश दिए गए हैं।