जालसाज ने पीड़ित की इंस्टाग्राम आईडी को दो ग्रुप में जोड़कर भेजे से मैसेज
साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। पुलिस के लाख प्रयासों के बावजूद जिले में साइबर ठगी पर लगाम नहीं लग पा रही। इस बार साइबर ठगों ने स्टॉक मार्केट में निवेश करने पर अच्छे मुनाफे का झांसा देकर एक युवक से साढ़े आठ लाख रुपये ठग लिए। साइबर थाना एनआईटी पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर केस दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
एनआईटी निवासी पीड़ित चरनजीत ने शिकायत में बताया कि वह निजी कंपनी में नौकरी करता है। पिछले साल दिसंबर में वह इंस्टाग्राम पर एक रील देख रहा था। इस दौरान उसकी आईडी को किसी ने दो ग्रुप से जोड़ दिया और मैसेज भेजने लगे। मैसेज में कुछ कंपनियों के नाम लिखे थे और उनमें निवेश करने पर अच्छे मुनाफे की बातें बताई गई थीं। उसने दिलचस्पी लेते हुए कई बार में 10 लाख रुपये निवेश कर दिए। उनमें में आरोपियों ने करीब डेढ़ लाख रुपये लौटा दिए, जबकि साढ़े आठ लाख रुपये आरोपियों ने विभिन्न तरह का झांसा देकर ठग लिए। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।