अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। ग्रेटर फरीदाबाद स्थित बीपीटीपी पार्क फ्लोर निवासी एक व्यक्ति ने सोसाइटी की ही एक महिला के खिलाफ लावारिस कुत्ते को कार से कुचलने के मामले में झूठा आरोप लगाने का केस दर्ज कराया है। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर जांच में शुरू कर दी है।
पीड़ित ने पुलिस को बताया है कि वह सोसाइटी में परिवार के साथ रहते हैं। एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। रोजाना अपनी कार से कार्यालय आते-जाते हैं। उनकी सोसाइटी में आवारा कुत्ते काफी घूमते रहते हैं। इन कुत्तों को किसी सोसाइटीवासी ने नहीं पाला है। इससे सोसाइटी में दहशत का माहौल रहता है। 14 मार्च वह शाम के समय कंपनी से घर जा रहे थे। इस दौरान सोसाइटी निवासी एक महिला ने उन्हें रोक लिया। रोकते ही वह एक कुत्ते को कार से कुचलने का आरोप लगाने लगी। साथ ही कहा कि उनकी कार से घायल हुए कुत्ते की मौत हो चुकी है। पीड़ित के अनुसार उनकी कार से कोई लावारिस कुत्ता हादसे का शिकार नहीं हुआ है। पीड़ित ने बताया कि आरोपी महिला ने सोशल मीडिया पर बयान देकर झूठा आरोप लगाते हुए गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दे रही है। पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।