घायल के बयान पर पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एसजीएम नगर थाना क्षेत्र में कैंटर से ऑटो में टक्कर मारने के बाद लोगों ने ऑटो चालक की जमकर पिटाई कर दी। आरोपी कैंटर चालक ने अपने साथियों को बुलाकर वारदात को अंजाम दिया। उसे घायल हालत में इलाज के लिए नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि एसजीएम नगर थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।
पुलिस को यह शिकायत आदर्श नगर एरिया के रहने वाले ऑटो चालक सोनू ने दी है। सोमवार रात वह ऑटो से सवारी लेकर जा रहा था। इस दौरान एसजीएम नगर में एक कैंटर चालक ने उसके ऑटो में टक्कर मार दी। टक्कर मारने का विरोध करने पर कैंटर चालक ने कॉल कर अपने 4-5 साथियों को बुला लिया। फिर सभी ने मिलकर ऑटो चालक को पीटकर घायल कर दिया। एक व्यक्ति ने मदद की और उसे आरोपियों के चंगुल से बचाया। डायल-112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया। एसजीएम नगर थाने की पुलिस मामला दर्जकर आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही आसपास लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज खंगाल रही है।