ग्रीष्म अवकाश के दौरान विद्यार्थी खेल-खेल में सीखेंगे विज्ञान के सिद्धांत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शिक्षा विभाग की ओर से विद्यार्थियों के लिए फरीदाबाद एवं बल्लभगढ़ के राजकीय विद्यालयों में 3 सेे 24 जून तक समर कैंप का आयोजन किया जाएगा। ग्रीष्म अवकाश के दौरान विद्यार्थी खेल-खेल में चुंबक, ध्वनि, बल, ऊर्जा और माइक्रोस्कोप के बारे में सीखेंगे। इसमें नौवीं से बारहवीं कक्षा तक के छात्र हिस्सा लेंगे। इसके लिए जिला मुख्यालय की ओर से दोनों खंड शिक्षा अधिकारियों को निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
यह कैंप सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी की ओर से लगाए जा रहे हैं। इसके लिए दोनों खंड के शिक्षा अधिकारियों को 29 मई तक छात्रों की सूची उपलब्ध करानी होगी। शिविर में दोनों खंडों से 200-200 विद्यार्थी भाग ले सकेंगे। विद्यार्थियों का चयन उनके वार्षिक परिणाम के आधार पर किया जाएगा। इसमें 60 फीसदी एवं उससे अंक वाले विद्यार्थी को प्राथमिकता दी जाएगी। शिविर का आयोजन सुबह आठ बजे से दोपहर डेढ़ बजे तक सेक्टर-86 स्थित शिरडी साई बाबा चैरिटेबल स्कूल और बल्लभगढ़ खंड का डीएवी पब्लिक स्कूल में किया जाएगा। सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के उपदेशक भौतिक, रसायन एवं जीव विज्ञान पर आधारित विभिन्न प्रकार की गतिविधियों से विद्यार्थियों को अवगत कराएंगे। विद्यार्थियों को मोबाइल साइंस लेबोरेटरी के बारे में भी बताया जाएगा। छात्रों को जेईई और नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी को लेकर भी मार्गदर्शन किया जाएगा।
शिक्षा विभाग की ओर से पहली बार समर कैंप आयोजित किया जा रहा है। इसमें विद्यार्थियों के वैज्ञानिक कौशल को बढ़ाने की दिशा में कार्य किया जाएगा। खंड शिक्षा अधिकारियों द्वारा 29 मई तक प्राप्त होने वाली छात्रों की सूची सोसाइटी फॉर प्रमोशन ऑफ साइंस एंड टेक्नोलॉजी के प्रतिनिधियों को सौंपी जाएगी और वह उसके हिसाब से शिविर का स्वरूप तैयार करेंगे। विद्यार्थी स्कूल की वर्दी और पहचान कार्ड लेकर ही पहुंचेंगे। -कृष्ण शर्मा, जिला विज्ञान विशेषज्ञ