मतदान केंद्रों पर भी मिलेगी स्वास्थ्य सुविधा, विभाग ने की तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। चुनाव को लेकर स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। जिले के सभी 1572 मतदान केंद्रों पर आशा वर्कर, एएनएम और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहेगा। इसके अलावा जिले के सभी सरकारी अस्पतालों में 24 घंटे डॉक्टर तैनात रहेंगे। आपातकालीन सेवाएं जारी रहेंगी। इस संबंध में हेल्थ नोडल अधिकारी डॉ. रामभगत ने डॉक्टरों के साथ बैठक की।
25 मई को जिले के लाखों लोग आम चुनाव में हिस्सा लेकर अपना सांसद चुनेंगे। ऐसे में कुछ असामाजिक तत्व माहौल बिगाड़ने की कोशिश कर सकते हैं इसलिए तुरंत चिकित्सीय सुविधा देने के लिए सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर नर्सिंग स्टाफ और एम्बुलेंस तैनात रहेंगी। इसके अलावा नजदीकी स्वास्थ्य केंद्रों पर 24 घंटे डॉक्टर ड्यूटी पर रहेंगे। सभी प्रकार की दवाइयां भी उपलब्ध करा दी गई हैं। अस्पताल प्रशासन की ओर से स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों, नर्सिंग स्टाफ और कर्मचारियों को तैनात करने से लेकर दवाइयां, किट सहित अन्य सुविधाओं को लेकर अस्पताल स्तर पर बैठक की जा रही है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी विनय गुप्ता के आदेशानुसार चुनाव के नोडल अधिकारी डॉ राम भगत ने सभी डॉक्टरों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए हैं।
मतदान केंद्रों पर ऐसे मिलेगी स्वास्थ्य संबंधित मदद
सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर आशा वर्कर और नर्सिंग स्टाफ मौजूद रहेगा। हेल्प डेस्क से मतदाता स्वास्थ्य संबंधित मदद प्राप्त कर सकते हैं। इसके अलावा भीषण गर्मी को देखकर खास तैयारियां की गई हैं। केंद्रों पर लू से बचाव के लिए बैनर पोस्टर लगाए जा रहे हैं। सभी मतदान केंद्रों पर मेडिकल किट, बेसिक दवाइयां, गर्म पट्टियां और ओआरएस सहित अन्य चीजें उपलब्ध रहेंगी। किसी भी प्रकार की परेशानी होने पर लोग स्वास्थ्य कर्मियों से संपर्क करके मदद ले सकते हैं।
चुनाव में बहुत कम समय रह गया है। ऐसे में स्वास्थ्य विभाग ने लगभग सभी तैयारियां कर ली हैं। जिले के 1572 मतदान केंद्रों पर लोगों को जरूरत अनुसार स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की जाएगी। इसके अलावा जिले के सभी सरकारी अस्पतालों की इमरजेंसी 24 घंटे जारी रहेगी।
-डॉ रामभगत, हेल्थ नोडल अधिकारी, लोकसभा चुनाव