फॉलोअप : कांवड़ लेकर लौट रहे युवक के आगरा नहर में कूदने का मामला
कहा- मैं यहां तक आ गया हूं, आप आ जाओ, चार दिन से तलाश जारी
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। आगरा नहर में कूदने से पहले कांवड़ लेकर लौट रहे राहुल कॉलोनी निवासी जितेंद्र ने साथियों के फोन से परिजनों को कॉल किया था। उसने परिजनों से कहा था कि मैं यहां तक आ गया हूं, आप लोग सेहतपुर आ जाओ।
परिजनों ने बताया कि उस समय घर पर कोई नहीं था। इस पर जितेंद्र ने कहा कि उसका फोन बंद होने वाला है, आप लोग आ जाना। इसके बाद परिजनों ने जिस नंबर से कॉल किया था, उसी नंबर पर दोबारा फोन किया तो साथियों से पता चला कि जितेंद्र नहर में कूद गया है। चार दिन बाद भी उसका सुराग नहीं मिला है। परिवार ने उसकी तलाश के लिए एसडीआरएफ की दो नाव लगाने की मांग की है। 32 वर्षीय जितेंद्र सावन शुरू होने पर कांवड़ लेने हरिद्वार गया था। शनिवार को वह कांवड़ लेकर सेहतपुर के पास बने शिविर में पहुंचा था। वहां उसने साथियों के साथ कुछ समय बिताया और प्रसाद लिया। इसके बाद वह आगरा नहर की तरफ चला गया और पानी में छलांग लगा दी। घटना के बाद साथियों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और फायर ब्रिगेड की मदद से नहर में तलाश कराई। बाद में एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। नहर में छलांग लगाने से पहले किसी परेशानी या कारण के बारे में कोई जानकारी नहीं दी थी। अभी तक उसके पानी में कूदने का मुख्य कारण भी स्पष्ट नहीं हो पाया है। परिवार का कहना है कि उनका एकमात्र उद्देश्य जितेंद्र का शव बरामद करना है, ताकि उसका अंतिम संस्कार किया जा सके।