परिजनों ने दोस्त पर लगाया हत्या का आरोप, मिसिंग सेल की जांच में हुई पहचान
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। सेक्टर-3 क्षेत्र में एक वर्ष पहले लापता हुए युवक की मिसिंग सेल की जांच में शिनाख्त हो गई। मृतक की पहचान सेक्टर-3 निवासी रोहित (28) के रूप में हुई है। पुलिस को शव 2025 में हुए सड़क हादसे में मिला था। वहीं परिजनों ने मौत को सड़क हादसा मानने से इनकार करते हुए उसके दोस्त पर हत्या का आरोप लगाया है। परिजनों ने सेक्टर-3 पुलिस चौकी में शिकायत देकर हत्या का मामला दर्ज कराया है। उन्होंने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 15 अगस्त 2025 को मच्छगर रोड पर एक अज्ञात युवक का शव मिला था। शुरुआती जांच में मामला सड़क दुर्घटना का प्रतीत होने पर शव की पहचान के प्रयास किए गए, लेकिन शिनाख्त नहीं होने के कारण नियमानुसार 72 घंटे बाद अंतिम संस्कार कर दिया गया था। करीब एक वर्ष बाद मिसिंग सेल की जांच के दौरान मृतक की पहचान रोहित के रूप में हुई। रोहित दिल्ली की एक निजी कंपनी में कार्यरत था। पहचान होने के बाद पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी।
दोस्त के घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा
मृतक की पत्नी पूजा का आरोप है कि रोहित अपने दोस्त चमन के साथ घर से निकला था, लेकिन वापस नहीं लौटा। परिवार ने पूरे एक साल तक उसकी तलाश की। अब पुलिस द्वारा सड़क हादसे में मौत की जानकारी दिए जाने के बाद परिवार ने इस पर संदेह जताते हुए चमन पर हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत प्राप्त हो गई है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।