स्वास्थ्य विभाग की ओर से बनाई जाएगी अत्याधुनिक प्रयोगशाला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्वास्थ्य विभाग की ओर से मेवला महाराजपुर के शहरी स्वास्थ्य केंद्र में अत्याधुनिक प्रयोगशाला बनाई जाएगी। प्रयोगशाला में मरीजों को बेहतर सुविधा दी जाएगी। इसमें रक्त जांच के अलावा एक्सरे व अल्ट्रासाउंड भी किए जा सकेंगे। इंडियन ऑयल (अनुसंधान एवं विकास) ने जिला स्वास्थ्य विभाग को सीएसआर के तहत 4.32 करोड़ रुपये प्रदान किए हैं।
प्रयोगशाला को संचालित करने के लिए सभी प्रकार के रक्त जांच, एक्सरे और अल्ट्रासाउंड करने लिए उपकरण खरीदने होंगे। इसके लिए जिला उपायुक्त की अध्यक्षता में एक कमेटी बनाई जाएगी। शहर में सभी स्वास्थ्य केंद्रों पर अल्ट्रासाउंड तथा एक्सरे की सुविधा नहीं है। रक्त जांच कराने के लिए भी मरीजों को दूर- दूर से जिला अस्पताल का रुख करना पड़ता है। यहां प्रयोगशाला बनने से कई मरीजों को लाभ पहुंचेगा। मेवला महाराजपुर के पास कई गांवों हैं। जिनमें अगवानपुर, बसंतपुर, पल्ला, तिलपत, अजय नगर, विनय नगर, सेहतपुर, इस्माइलपुर, मोती कालोनी व आसपास की दर्जन कालोनी शामिल है। इससे लगभग पांच लाख लोगों को राहत मिलेगी।
फिलहाल आवश्यक मशीनों व उपकरण की सूची तैयार की जा रही है। प्रयोगशाला चालू होने के बाद मरीज अपने घर के नजदीक के स्वास्थ्य केंद्र में रक्त के नमूने दे सकते हैं। वहां से नमूनों को एकत्र कर मेवला महाराजपुर प्रयोगशाला पहुंचाया जाएगा और मरीजों को बाद में ऑनलाइन रिपोर्ट दी जाएगी। -
डॉ. लोकेश गुप्ता, प्रभारी, प्रयोगशाला
हमारा प्रयास है कि नागरिकों को घर के नजदीक ही बेहतर सुविधाएं मिलें। बहुत से संस्थान सीएसआर के तहत विभाग का सहयोग कर रहे हैं। इससे कई लोगों को लाभ पहुंचेगा। -
डॉ. जयंत आहूजा, मुख्य चिकित्सा अधिकारी