BJP spokesperson accused of protecting the killers, family demanded investigation in law student murder case
फरीदाबाद। गांव सागरपुर निवासी विधि छात्र राहुल हत्याकांड में मृतक के परिजनों ने भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता पर आरोपियों का बचाव करना का आरोप लगाया है। पीड़ितों का कहना है कि हत्या के आरोपियों में से तीन युवक नेहरा के परिवार से हैं। उन्होंने मांग की है कि सरकार प्रदेश प्रवक्ता की भूमिका की निष्पक्ष जांच करवाए। शनिवार रात गांव सागरपुर सुनपेड़ मार्ग पर आठ दस युवकों ने विधि छात्र राहुल की चाकुओं से गोदकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने इस मामले में दो युवकों को गिरफ्तार किया है।
मंगलवार को राहुल के मामा बिपन स्वरूप और चाचा विजय कुमार ने पत्रकार वार्ता कर आरोप लगाया कि आरोपी आशीष नेहरा, सागर और अमन बिजेेेेंद्र नेहरा के परिवार से हैं। नेहरा लगातार पुलिस पर अपने राजनीतिक पद का उपयोग कर रहा है। परिजनों की मांग है कि बिजेंद्र को प्रवक्ता के पद से हटाया जाए और हत्या में उसकी भूमिका की जांच की जाए। इस दौरान हेल्पिंग क्लब के अध्यक्ष उपकार सिंह ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री किसानों पर लाठी मारने जैसे बयान देते हैं। इसका असर अन्य नेताओं पर भी आ रहा है। आरोप लगा कि अपराधियों में पुलिस व सरकार का कोई भय नहीं रह गया है। बहुजन समाज पार्टी के जिला अध्यक्ष मनोज चौधरी ने कहा कि पुलिस विभाग आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार करें। साथ ही सरकार की छवि खराब कर रहे नेताओं को उनके पद से निष्काषित करें।
लोग इस मुद्दे को भाजपा बनाम कांग्रेस करना चाहते हैं
भाजपा प्रवक्ता बिजेंद्र नेहरा का कहना है कि मृतक राहुल रिश्ते में उनकी मौसी का लड़का लगता है। ऐसे में वह उसके हत्यारों को बचाने की बात कैसे कर सकते हैं। शिकायत में दर्ज तीन आरोपी उनके परिवार से हैं। वे थाने में पुलिस से सही जांच करने की मांग करने गए थे। उन्होंने कहा कि गांव में पंचायत के चुनाव होने वाले हैं। मृतक के परिवार से भी कुछ लोग इसकी तैयारी कर रहे हैं। कुछ लोग इस मुद्दे को भाजपा बनाम कांग्रेस करना चाहते हैं। पुलिस निष्पक्ष जांच करें, वह भी यही चाहते हैं।