141 new corona patients, infection rate increased by more than four percent, 565 patients increased in eight days
फरीदाबाद। औद्योगिक नगरी में कोराना के मामले लगातार बढ़ रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग ने मंगलवार को 141 नए संक्रमितों की पुष्टि की है। जबकि चार को स्वस्थ घोषित किया है। इससे सक्रिय संख्या भी बढ़कर 572 हो गई है। इनमें से सात मरीज अस्पताल में भर्ती है। वहीं, 565 मरीजों को होम आइसोलेशन में रखा गया है। जून के बाद संक्रमण दर भी बढ़कर चार फीसदी से अधिक हो गया है। दिसंबर के आखिरी हफ्ते से पहले जिले में संक्रमण दर एक फीसदी से कम हो गया था। इससे संभावना बनी थी कि अब कोरोना पर पूर्णत: काबू पा लिया जाएगा। अब अचानक मामले बढ़ने से स्वास्थ्य विभाग की परेशानी बढ़ गई है। आलम यह है कि बीते आठ दिनों में जिले में 565 नए मरीज आए हैं। जबकि मात्र 46 मरीज ही स्वस्थ घोषित किए गए हैं। इससे रिकवरी रेट घटकर 98.72 है। वहीं, संक्रमण दर बढ़कर चार फीसदी से भी ज्यादा है।
सात माह बाद एक मरीज वेंटिलेटर पर
मंगलवार को कोरोना के सबसे अधिक मामले सेक्टर-14, 16, 21, सैनिक कालोनी, ग्रीनफील्ड और चार्मवुड विलेज से आए हैं। अधिकारियों ने बताया कि इस समय सात मरीज अस्पतालों में भर्ती हैं। इनमें से एक आक्सीजन सपोर्ट पर और एक व्यक्ति वेंटिलेटर पर है। सात महीने बाद किसी मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट एवं वेंटिलेटर पर रखा गया है। 5728 लोगों को सर्विलांस पर लिया गया है। स्वास्थ्य विभाग के कर्मचारी इन सभी को होम क्वारंटाइन में रहने को कहा है। इसके अलावा इन सभी के कोरोना जांच के लिए सैंपल भी लिए गए हैं।
घबराए नहीं, बरतें सावधानी
कोरोना बढ़ते मामलों ने चिंता जरूर बढ़ाई है लेकिन लोग घबराए नहीं। सावधानी बरतें। स्वास्थ्य विभाग इसकी रोकथाम की पूरी कोशिश कर रही है। संभावित मरीजों की सुविधा के लिए जिले में 300 से ज्यादा बेड आरक्षित किए गए हैं और भी व्यवस्था की जा रही है। बस लोग भीड़भाड़ वाले इलाके में जाने से बचें। कोरोनारोधी वैक्सीन जरूर लगाएं। - डॉ. विनय गुप्ता, मुख्य चिकित्सा अधिकारी