Bike riders were furious for playing the horn of the car, beaten with sticks
फरीदाबाद। रास्ते में खड़े बाइक सवार युवकों को हटाने के लिए कार सवार को हॉर्न बजाना भारी पड़ गया। इससे गुस्साए युवकों ने अपने दोस्तों को बुलाकर कार सवार परिवार पर लाठी-डंडे, रॉड और ईंट से हमला कर दिया। आरोपी पर्स में रखे रुपये और सोने की चेन भी लूटकर ले गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
जवाहर कॉलोनी निवासी बलराम भाटी ने बताया कि 13 फरवरी की शाम वह अपनी गाड़ी लेकर घर आ रहे थे। कार में उनकी पत्नी और बेटा भी था। गली के अंदर आने पर बीच रास्ते में दो बाइक खड़ी थीं। आरोप है कि बाइक हटाने के लिए हॉर्न बजाने पर वहां खड़ा एक युवक रोहित गोदारा उनके पास आया और गाली गलौज करनी शुरू कर दी। इस दौरान बलराम भाटी ने अपनी पत्नी और बेटे को कार से उतारकर घर भेज दिया। विरोध करने पर आरोपी मारपीट करने पर उतारू हो गया। शोर सराबा सुनकर आस पड़ोस के लोग पहुंच गए। लोगों ने रोहित को समझा बुझाकर भेज दिया।
आरोप है कि 10 मिनट के बाद रोहित अपने 10 साथियों को लेकर पहुंच गया। आरोप है कि युवकों ने बलराम भाटी के पिता और मां को रॉड और लाठी-डंडे से पीटना शुरू कर दिया। मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा होने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। आरोपी बलराम के पिता पिता की सोने की चेन, और उनके पर्स में रखे 5700 रुपये लेकर वहां से भाग गए।