फरीदाबाद। दिवाली के बाद प्रदूषण के स्तर में लगातार उतार चढ़ाव बना हुआ है। बल्लभगढ़ की हवा एक बार फिर बेहद खराब श्रेणी में पहुंच गई है। यहां रविवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) का स्तर 426 दर्ज किया गया। इससे लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ हुई। वहीं, हवा चलने से फरीदाबाद के वायु गुणवत्ता सूचकांक में हल्का सुधार देखने को मिला है।
दिवाली के बाद शहर में प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंच गया। सबसे ज्यादा खराब हालत बल्लभगढ़ की है। यहां एक्यूआई का स्तर 400 से ऊपर बना हुआ है। शनिवार को बल्लभगढ़ में एक्यूआई 432 दर्ज किया गया था। वहीं रविवार को छह अंकों की गिरावट के साथ 426 दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी सूची के अनुसार रविवार को शाम चार बजे तक फरीदाबाद में एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 372 रहा। हालांकि चिकित्सक इसे बहुत खराब मानते हैं, फिर भी दिवाली के बाद से पहली बार यह गंभीर श्रेणी से बेहद खराब श्रेणी में आया है।
मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत ने बताया कि फरीदाबाद समेत आसपास के क्षेत्रों में हवा की रफ्तार करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे तक रही। इससे प्रदूषण स्तर में काफी सुधार देखने को मिला। हवा की रफ्तार तेज रहने से वायुमंडल में घुला स्मॉग व धूलकण उपरी सतह तक पहुंच गए। इससे रविवार को एक्यूआई में सुधार देखा गया। उन्होंने बताया कि फरीदाबाद का एक्यूआई 372 रहा, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है। लेकिन बीते तीन दिनों की अपेक्षा कम है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड द्वारा जारी डेली बुलेटिन के अनुसार रविवार को बल्लभगढ़ में प्रदूषण का स्तर गंभीर श्रेणी में रहा। 426 एक्यूआई के साथ देश में टॉप टेन प्रदूषित शहरों में रहा। इससे लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। चिकित्सकों के अनुसार प्रदूषण के गंभीर श्रेणी में पहुंचने से हर उम्र के लोगों की परेशानी बढ़ती है।
शहर में सेक्टर-11 सबसे प्रदूषित
शाम पांच बजे तक सेक्टर-11 जिले में सबसे प्रदूषित क्षेत्र रहा। यहां स्थित एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग स्टेशन में लगे एंबिएंट एयर क्वालिटी मॉनिटरिंग सिस्टम से लिए गए डाटा के अनुसार इस क्षेत्र का एक्यूआई 433 था। दूसरे स्थान पर 382 एक्यूआई के साथ सेक्टर-30 और तीसरे स्थान पर 295 एक्यूआई के साथ एनआईटी क्षेत्र रहा।
दिवाली बाद यह रहे हालात
दिनांक एनआईटी सेक्टर-11, सेक्टर-30, सेक्टर-16ए, बल्लभगढ़
4 नवंबर 372 467 388 400 328
5 नवंबर 455 486 466 474 466
6 नवंबर 434 479 407 460 432
7 नवंबर 295 433 382 372 426