फूलों और तिरंगा लाइटों से सजे मंदिर, झाकियों में देखने को मिलेगी श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन की झलक
हेमलता
फरीदाबाद। स्मार्ट सिटी बाल गोपाल के स्वागत के लिए पूरी तरह से तैयार है। सेक्टर-47 स्थित इस्कॉन मंदिर सहित 100 से अधिक मंदिरों में शनिवार को बाल गोपाल का जन्मदिन मनाया जाएगा। जन्माष्टमी के मद्देनजर मंदिरों को फूलों के अलावा तिरंगा लाइटों से सजाया गया है। क्योंकि इस बार जन्माष्टमी स्वतंत्रता दिवस के अगले दिन है। इसलिए शहर को तिरंगा के रंग में सजाया जा रहा है।
जन्माष्टमी के अवसर पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जा रहा है। लोग मंदिर परिसर के अंदर बनी विभिन्न प्रकार की झांकियों का भी आनंद ले सकेंगे। सेक्टर-37 स्थित इस्कॉन मंदिर में शनिवार को लगभग 1 लाख भक्तों के आने की संभावना है, जो भगवान श्रीकृष्ण के दर्शन और आशीर्वाद के लिए पधारेंगे। वहीं, मंदिर परिसर में झांकियां बनाई गई हैं। इनमें भगवान श्रीकृष्ण के दिव्य जीवन की झलक देखने को मिलेगी।
15 दिनों से चल रही है कथा
मंदिर अध्यक्ष गोपीश्वर दास ने बताया कि बीते 15 दिन से विशेष कृष्ण कथा चल रही है। जन्माष्टमी के दिन कथा, कीर्तन, दर्शन व प्रसाद वितरण सुबह से लेकर मध्यरात्रि तक जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि जन्माष्टमी के अवसर पर मंदिरों में श्रीकृष्ण लीला, श्रीमद्भागवत कथा, कीर्तन, प्रवचन, सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। वहीं, झांकियां भी प्रदर्शित की जाएंगी, जिनमें भगवान श्रीकृष्ण को झूला झुलाने, भगवान श्रीकृष्ण को सिर पर टोकरी में लेकर वासुदेव के यमुना नदी पार करने वाली झांकी समेत अनेक झांकियां होंगी। जन्माष्टमी महोत्सव में विभिन्न गायकों के कार्यक्रम आयोजित होंगे।
व्यवस्था संभालने को सेवादार तैनात
मंदिरों में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। इस्कॉन मंदिर समेत कई मंदिरों में मुख्य द्वार से पाइपों एवं बल्लियों के माध्यम से लाइन लगाने की व्यवस्था की गई है। कई मंदिरों की प्रबंधक समितियों की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए सेवादार तैनात किए गए हैं। वह मंदिर में आने वाले हर श्रद्धालु पर नजर रखेंगे। इसके अलावा व्यवस्था में कोई गड़बड़ी न हो इसका भी पूरा ध्यान रखा जाएगा। हालांकि, मंदिरों के बाहर की सुरक्षा व्यवस्था पुलिस भी संभालेगी।
इन मंदिरों में रहेगी भीड़
अशोका एन्क्लेव स्थित चिल्ड्रन पार्क, एनआईटी-एक नंबर बी ब्लॉक सनातन धर्म हनुमान मंदिर, राधा कृष्ण मंदिर, एनआईटी तिकोना पार्क श्रीवैष्णो देवी मंदिर, सिद्ध पीठ काली मंदिर, पांच नंबर तत्कालेश्वर मंदिर, सैनिक कॉलोनी शिव मंदिर, जवाहर कॉलोनी श्री राम मंदिर, ओल्ड फरीदाबाद के पथवारी मंदिर, सेक्टर-16 गीता मंदिर, सेक्टर- हरि मंदिर, तिलपत सूरदास मंदिर, पल्ला सूरदास मंदिर, मवई सूरदास मंदिर में जन्माष्टमी धूमधाम से मनाई जाएगी।