फरीदाबाद। फरीदाबाद की एक अदालत ने पारधी गिरोह के सदस्य धन सिंह की जमानत याचिका खारिज कर दी है। उस पर लढौली गांव में घर से नकदी और चांदी की पायल चोरी करने का आरोप है।
विज्ञापन
अतिरिक्त सत्र न्यायाधीश लोकेश गुप्ता की अदालत ने जांच लंबित होने और अंतरराज्यीय गिरोह से जुड़े मामले के कारण जमानत खारिज की। अदालत ने आशंका जताई कि जमानत मिलने पर जांच प्रभावित हो सकती है। सदर बल्लभगढ़ थाना क्षेत्र के लढौली गांव में 17 सितंबर 2026 की रात चोरी हुई थी। पुलिस ने 11 अक्तूबर को धन सिंह सहित पांच आरोपितों को गिरफ्तार किया था। 31 अक्तूबर को अदालत ने जमानत याचिका खारिज कर दी। अदालत ने कहा कि आरोपित के कब्जे से चोरी की रकम बरामद हुई है और वह हरियाणा का स्थायी निवासी नहीं है। संवाद