इस महीने के अंत तक काम पूरा होने की उम्मीद, पंच तत्व की थीम पर हो रहा है निर्माण कार्य
सूरज कुमार
फरीदाबाद। शहर के सौंदर्य में चार चांद लगाने वाली बड़खल झील पर जल्द ही पर्यटकों का हुजूम देखने को मिलेगा। इसके लिए निर्माण कार्य को तेज कर दिया गया है। स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत किए जा रहे इस कार्य को अंतिम रूप देने के लिए कुल 23 करोड़ रुपये की लागत आएगी। परियोजना से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि यह झील पंच तत्व की थीम पर आधारित होगी और नवंबर के अंत तक निर्माण कार्य पूरा होने की उम्मीद है। इसमें झील की सफाई का कार्य नगर निगम द्वारा किया जा रहा है।
मनुष्य का शरीर जिस तरह पांच तत्व पृथ्वी, जल, अग्नि, वायु और आकाश से मिलकर बना है, ठीक उसी तरह बड़खल झील को नया रूप दिया जा रहा है। परिसर को पांच हिस्सों में बांटा गया है और हर हिस्से में इन तत्वों के प्रतीक चिन्ह दर्शाए जाएंगे। कुछ प्रतीक पूरी तरह तैयार हो चुके हैं, जबकि शेष पर तेजी से काम चल रहा है।
पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा के लिए झील में छह सिग्नेचर क्लोज बनाए जा रहे हैं, जहां बैठकर लोग आराम कर सकेंगे और खाना भी खा पाएंगे। इसके अलावा परिसर में 22 छोटे-बड़े स्टॉल बनाए जा रहे हैं, ताकि स्थानीय दुकानदारों को भी रोजगार का अवसर मिल सके।
बड़खल झील के आसपास हरियाली बढ़ाने के लिए बड़े पैमाने पर पौधरोपण किया जा रहा है। परिसर में लगभग 2500 पेड़-पौधे लगाए जा रहे हैं। इनमें पीपल, गुलमोहर, बेडेलिया, गुड़हल, गोल्डन बॉटल ब्रश समेत 80 प्रजातियों के पौधे शामिल हैं। इससे परिसर का वातावरण और खूबसूरत होगा।
सभी कार्यों को नवंबर के अंत तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। काम तेजी से चल रहा है और परिसर को इस तरह विकसित किया जा रहा है कि यहां आने वाले लोगों को प्राकृतिक सौंदर्य, आधुनिक सुविधाएं मिल सकें। - नितिन कादयान, कार्यकारी अभियंता, नगर निगम
इन सुविधाओं से बदलेगी झील की सूरत
करीब छह हजार छोटी-बड़ी लाइटें पूरे परिसर को रोशन करेंगी।
स्मार्ट पार्किंग के साथ ई-चार्जिंग स्टेशन भी स्थापित किए जा रहे हैं।
दो नए एंट्री गेट और दो टॉयलेट ब्लॉक बनाए जा रहे हैं।
फोटो ओवर ब्रिज बनाया जा रहा है।
झील क्षेत्र में खूबसूरती बढ़ाने के लिए धौलपुर का स्टोन बिछाया जाएगा।