10 हजार रुपये भी लूटे, जीआरपी थाना पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। दयाल नगर के पास रेलवे लाइन पार कर जा रहे मीट विक्रेता पर धारदार हथियार से वार कर 10 हजार रुपये लूट लिए गए। हमले के बाद आरोपी वहां से भाग गया। गंभीर हालत में सुशील को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जीआरपी थाना पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत अन्य धाराओं में एफआईआर दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
जीआरपी थाना पुलिस को यह शिकायत सूरजकुंड थाना इलाके के दयाल नगर में रहने वाले निवासी सुशील ने दी है। सुशील मीट की दुकान चलाते हैं। आरोप है कि 19 जुलाई को दुकान के काम से सराय होते हुए दयाल नगर जा रहे थे। रेलवे लाइन पार करने के दौरान बॉबी नामक बदमाश मिला और रास्ता राेककर बोला कि मैं यहां का दादा हूं। यदि मुझे रुपये नहीं देगा तो दुकान नहीं चलाने दूंगा। पीड़ित के अनुसार रुपये देने से मना करने पर आरोपी जेब से जबरन रुपये निकालने लगा।
पीड़ित के विरोध जताने पर आरोपी ने धारदार हथियार से सुशील की गर्दन पर वार कर लहूलुहान कर दिया फिर जेब में रखे 10 हजार रुपये लूटकर भाग गया। मदद के लिए सुशील ने शोर मचाया तो आस-पास के लोग आए और उसे इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। वहां से परिवार वालों ने उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जीआरपी थाना प्रभारी राजपाल का कहना है कि आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है। जल्द की आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।