- वापस ऑरेंज जोन में पहुंचा, वायु गुणवत्ता सूचकांक 262 रहा
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। एक सप्ताह की राहत के बाद प्रदूषण ने एक बार फिर अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक में 73 अंकों की बढ़ोतरी दर्ज की गई। इस दौरान वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 262 दर्ज किया गया। यह सामान्य से साढ़े 5 गुना अधिक रहा। इससे अस्थमा और हृदय रोगियों की समस्या बढ़ गई है।
स्मार्ट सिटी में एक सप्ताह से लोग खुली हवा में सांस ले रहे थे। वायु गुणवत्ता सूचकांक लगातार कम हो रहा था। मंगलवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक 212 दर्ज किया गया था। बुधवार को यह 23 अंक कम होकर 189 पहुंच गया था। बृहस्पतिवार को हवा की गति कम होने से इसमें थोड़ी वृद्धि देखी गई और यह खराब श्रेणी में पहुंच गया। बृहस्पतिवार को बुधवार की तुलना में एक्यूआई लगभग 73 अंक अधिक दर्ज किया गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की ओर से जारी सूची के अनुसार वायु गुणवत्ता सूचकांक 262 रहा, जो सामान्य से लगभग साढ़े 5 गुना अधिक है और प्रदूषण की खराब श्रेणी में आता है।
अलग-अलग क्षेत्रों की बात करें तो एनआईटी की हवा सबसे अधिक खराब रही। यहां का एक्यूआई 335 दर्ज किया गया। सेक्टर 11 क्षेत्र में 322, सेक्ट-16ए क्षेत्र में 291, सेक्टर 30 क्षेत्र में 109 एक्यूआई दर्ज किया गया। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी संदीप सिंह ने बताया कि हवा की गति कम होने से एक्यूआई में वृद्धि हुई है। हालांकि अभी भी यह खराब श्रेणी में बना हुआ है।