शहरी निकाय विभाग के 30 हजार कर्मचारी 9 जुलाई को करेंगे हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मांगों की अनदेखी से नाराज पालिकाओं, परिषदों, नगर निगमों व अग्निशमन विभाग के सैकड़ों कर्मचारियों ने शहरी स्थानीय निकाय विभाग के मंत्री विपुल गोयल के घर का घेराव किया। शुक्रवार की दोपहर में मंत्री के घर का घेराव करने जा रहे कर्मचारियों की पुलिस से भी नोकझोंक हो गई । वहीं उन्हें रोकने के लिए पुलिस ने मंत्री के घर के बाहर बैरिकेड्स लगा दिए। मंत्री ने सीएम से बातचीत करके शीघ्र नगर पालिका कर्मचारी संघ के साथ चंडीगढ़ में बैठक करने व मांगों का निवारण करने का आश्वासन दिया।
कर्मचारी सेक्टर 16 अनाज मंडी में एकत्रित हुए और एक विशाल सभा का आयोजन किया। सभा की अध्यक्षता नगर पालिका कर्मचारी संघ, हरियाणा के राज्य प्रधान नरेश कुमार शास्त्री कर रहे थे। जबकि मंच का संचालन संघ के महासचिव मांगेराम तिगरा व उप महासचिव सुनील चंडालिया ने संयुक्त रूप से किया।
नरेश शास्त्री ने बताया कि पूर्व में किए गए समझौतों में मानी गई मांगों को भी लागू नहीं किया जा रहा है। सफाई कर्मचारी सीवर मेन के रिक्त पदों पर भर्ती करने के लिए बनाई गई कमेटी को स्वीकृति देने व फायर कर्मियों की फाइल शहरी स्थानीय निकाय विभाग व आबकारी एवं कराधान तथा डिजास्टर मैनेजमेंट मंत्रालय में लंबित हैं, मंत्री ने कहा जल्द सभी फाइलों पर फैसला करेंगे।
आपको बताते चलें कि 9 जुलाई की राष्ट्रव्यापी हड़ताल में 60 नगर पालिकाओ, 21 नगर परिषदों, 11 नगर निगमों व 89 दमकल केंद्रों के 50 हजार से ज्यादा कर्मचारी हड़ताल कर कामकाज ठप करेंगे।