पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नहर में युवती को तलाश किया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के सेक्टर-8 थाना क्षेत्र के सीही गांव में रहने वाली 18 साल की युवती ने मां की डांट से गुस्सा होकर गुड़गांव नहर में छलांग लगा दी। बुधवार शाम हुई वारदात के बाद से पुलिस और एनडीआरएफ की टीम ने नहर में युवती की तलाश की।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम तक युवती नहीं मिल सकी है। मूलरूप से राजस्थान के जुरहेड़ा गांव में रहने वाले जगदीश अपने परिवार के साथ सीही गांव में किराये पर रहते हैं। वो एक निजी कंपनी में नौकरी करते हैं। बुधवार शाम को जगदीश की पत्नी ने अपनी 18 साल की बेटी को किसी बात पर डांट दिया। जिसके चलते युवती गुस्सा होकर घर से चली गई और पास स्थित गुड़गांव नहर में छलांग लगा दी। नहर के पास से गुजर रहे लोगों ने युवती को कूदते देखकर शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। दमकल विभाग की टीम, एनडीआरएफ टीम को मौके पर बुलाया गया। रात को कई घंटे तक नहर में युवती को ढूंढा गया लेकिन वो नहीं मिली।