अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के बीच जिला प्रशासन ने बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) की जवाबदेही तय करते हुए स्पष्ट कर दिया है कि काम में लापरवाही मिलने पर एफआईआर तक दर्ज कराई जा सकती है। दूसरी ओर बेहतर प्रदर्शन करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को सम्मानित भी किया जाएगा। प्रशासन के इस रुख से जिले में चल रहे मतदाता सत्यापन अभियान की निगरानी और सख्त हो गई है।
जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त आयुष सिन्हा ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी बीएलओ के कार्य की प्रतिदिन समीक्षा की जाए और जिन क्षेत्रों में प्रगति धीमी है वहां अतिरिक्त प्रयास किए जाएं। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची की शुद्धता लोकतांत्रिक प्रक्रिया की सबसे महत्वपूर्ण कड़ी है और इसमें किसी भी स्तर की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहा विशेष अभियान
फरीदाबाद जिले की छह विधानसभा सीटों एनआईटी, बड़खल, फरीदाबाद, बल्लभगढ़, तिगांव और पृथला में विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चल रहा है। मतदान केंद्रों पर नियुक्त बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं। प्रशासन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र मतदाता सूची से बाहर न रहे और अपात्र नामों को समय रहते हटाया जा सके।
झुग्गी बस्तियों में लगेंगे विशेष शिविर
प्रशासन ने झुग्गी बस्तियों, पुनर्वास कॉलोनियों और कठिन पहुंच वाले इलाकों में विशेष शिविर लगाने का फैसला किया है। इन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों तक सीधे पहुंचकर मतदाता सूची में नाम जोड़ने और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। स्थानीय सामाजिक संगठनों, आरडब्ल्यूए और बूथ लेवल एजेंटों का भी सहयोग लिया जाएगा।
प्रवासी आबादी से बढ़ती है चुनौती
फरीदाबाद एक औद्योगिक शहर होने के कारण यहां बड़ी संख्या में प्रवासी मजदूर, किरायेदार और अस्थायी रूप से रहने वाले लोग निवास करते हैं। लगातार बदलती आबादी के कारण मतदाता सूची को अद्यतन रखना प्रशासन के लिए चुनौतीपूर्ण कार्य बन जाता है। ऐसे में बीएलओ की भूमिका और अधिक महत्वपूर्ण हो जाती है।
बंद घर मिलने पर भी नहीं रुकेगा सत्यापन
प्रशासन ने निर्देश दिए हैं कि यदि किसी घर पर ताला मिले या मतदाता नौकरी, पढ़ाई अथवा अन्य कारणों से बाहर हो तो बीएलओ स्थानीय स्तर पर जानकारी जुटाकर आवश्यक विवरण दर्ज करें। जरूरत पड़ने पर परिवार के सदस्य को गणना प्रपत्र उपलब्ध कराया जाए ताकि पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए।
अच्छे काम पर सम्मान, लापरवाही पर कार्रवाई
प्रशासन ने साफ संकेत दिए हैं कि उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ और सुपरवाइजरों को सम्मानित किया जाएगा, जबकि कार्य में कोताही बरतने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। माना जा रहा है कि इस दोहरी रणनीति से मतदाता पुनरीक्षण अभियान में तेजी आएगी और फरीदाबाद का प्रदर्शन प्रदेश स्तर पर बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।