घायल को बीके अस्पताल में भर्ती कराया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। पाली चौक पर ऑटो चालक से रुपये मांगने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। आरोप है कि गुस्साए युवक ने पीड़ित के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह घायल हो गया। घटना 19 जून 2026 की सुबह हुई, जबकि पुलिस ने उसी दिन प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव पाली निवासी नितीश ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 19 जून को सुबह करीब आठ बजे पाली चौक पर विकास एक ऑटो चालक से 200 रुपये मांग रहा था। ऑटो चालक ने उसके भाई मनीष को बुलाकर इसकी जानकारी दी। आरोप है कि मनीष ने विकास से कहा कि वह एक गरीब व्यक्ति को परेशान क्यों कर रहा है। इस बात पर विकास नाराज हो गया। शिकायत के अनुसार, विकास घर से फावड़ा लेकर आया और मनीष के सिर पर वार कर दिया। वार करने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल मनीष को बीके अस्पताल पहुंचाया गया। मेडिकल जांच में उसके सिर के बाएं हिस्से में करीब सात सेंटीमीटर लंबा गहरा कट पाया गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि नितीश की शिकायत और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर 19 जून को थाना डबुआ में आरोपी विकास के खिलाफ धारा 118(1) और 351(2) बीएनएस के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।