सोने चांदी की बढ़ती कीमतों के दृष्टिगत गांव रामगढ़ में हुई पंचायत
संवाद न्यूज एजेंसी
होडल। गांव रामगढ़ में सोने-चांदी की बढ़ती कीमतों को लेकर शादी समारोह में दूल्हा-दुल्हन के सुसराल पक्ष के लोगों पर दहेज में सोने-चांदी के आभूषणों पर रोक लगाने लेकर पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत का फैसला नहीं मानने पर सामाजिक बहिष्कार का निर्णय लिया गया।
शुक्रवार को क्षेत्र गांव रामगढ़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रही सोने-चांदी के मूल्यों को लेकर ग्रामीण स्तर पर पंचायत कर अहम फैसला लिया है। गांव में पंचायत की अध्यक्षता बजुर्ग पंच खेमचंद ने लोगों को पंचायत को सफल बनाने की शपथ दिलवाई। गांव के पूर्व सरपंच हुकम सिंह तेवतिया ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ रहे सोने चांदी के मूल्यों को लेकर ग्रामीण अंचल में बेटी की शादी करना बड़ा महंगा हो गया। जिसको लेकर गांव में एकजुट होकर सर्व समिति से फैसला लिया गया है कि यदि गांव की बेटी की शादी होगी तो बेटी के सोने चांदी के आभूषणों के अलावा ससुराल के पक्ष के किसी भी व्यक्ति को सोने चांदी के आभूषण दहेज में नहीं दिए जाएंगे।
तेवतिया ने बताया कि यदि गांव में किसी परिवार के बेटे की शादी होगी तो उस परिवार में भी वहीं नियम लागू होंगे। पंचायत का फैसला एक अप्रैल के बाद शुरू होगा। उन्होंने कहा कि गांव के पंचों सर्वसम्मति यह फैसला लिया कि यदि किसी परिवार ने पंचायत के फैसले का उल्लंघन किया तो गांव में उसका सामाजिक बहिष्कार किया जाएगा। पंचायत में चरण सिंह तेवतिया, सरपंच दयाकरण, पूर्व सरपंच कमल, पूर्व सरपंच ओमवीर, रतन सिंह पंच के अलावा रामकिशन पंच सहित सैकड़ों की संख्या में लोग मौजूद रहे।