नगर निगम आयुक्त ने जरूरतमंदों और बेघरों को सुरक्षित रखने के लिए दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। सर्दी के मौसम को देखते हुए नगर निगम आयुक्त यशेंद्र सिंह ने नगर निगम अधिकारियों को शहर में संचालित सभी रैन बसेरों (नाइट शेल्टर) की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश दिए हैं। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वह खुद रैन बसेरों का निरीक्षण करें और उनमें उपलब्ध सुविधाओं को दुरुस्त कराएं। उन्होंने कहा कि सर्दियों के दौरान जरूरतमंद, बेसहारा और बेघर लोगों को ठंड से बचाना तथा उन्हें सुरक्षित रात्रि आश्रय उपलब्ध करवाना नगर निगम की प्राथमिकता है।
नगर निगम आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी नाइट शेल्टरों के लिए सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की सूची तैयार की जाए। इसके साथ ही यह सुनिश्चित किया जाए कि रैन बसेरों में बिस्तर, कंबल, स्वच्छता, पेयजल, बिजली अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध हों। जहां भी किसी प्रकार की कमी पाई जाती है, उसे प्राथमिकता के आधार पर दूर किया जाए, ताकि सर्दियों का मौसम शुरू होने से पहले सभी व्यवस्थाएं पूरी तरह दुरुस्त हो सकें। रैन बसेरों में ठहरने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने सभी रैन बसेरों की व्यवस्थाओं को समय रहते बेहतर बनाने को कहा, जिससे भीषण सर्दी के दौरान कोई भी जरूरतमंद व्यक्ति खुले में रात बिताने को मजबूर न हो। नगर निगम के जिला परियोजना अधिकारी पदम ढांडा ने बताया कि फरीदाबाद में सर्दियों के दौरान जरूरतमंदों और बेघर लोगों को रात्रि आश्रय उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से 6 रैन बसेरे संचालित किए जा रहे हैं। इन स्थानों पर ठहरने वाले लोगों के लिए आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाती हैं। जरूरतमंद लोगों तक इसकी जानकारी पहुंच जाए, इसके लिए विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर सूचना पट्ट और साइन बोर्ड भी लगवाए जाएंगे।