शराब तस्कर ने साथियों संग कारोबारी को पीटा, पैर तोड़े
फरीदाबाद। डबुआ कॉलोनी में बुधवार सुबह एक शराब तस्कर ने अपने साथियों के साथ मिलकर दूध कारोबारी पर हमला कर दिया। बदमाश दूध कारोबारी को सरेआम घसीटते हुए अपने घर में ले गया और वहां डंडों व लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटकर उसके दोनों पैर तोड़ दिए। इतना ही नहीं आरोपियों ने किसी धारदार हथियार से कारोबारी के हाथ की एक अंगुली तक काट दी। इस घटना से गुस्साए लोगों ने बीके चौक पर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की। मौके पर पहुंचे एसीपी एनआईटी के समझाने पर लोगों ने जाम खोला।
गांव पाखल निवासी श्योताज उर्फ शिवताज भड़ाना का दूध का कारोबार है। इसके अलावा डबुआ कॉलोनी 27 फुट रोड पर श्योताज ने कमरे बनाकर किराए पर दे रखे हैं। डबुआ कॉलोनी निवासी प्रदीप त्यागी ने बताया कि 27 फुट रोड निवासी गाजी खान क्षेत्र में पिछले काफी समय से शराब तस्करी के अलावा कई अन्य अनैतिक काम कर रहा है। इसको लेकर स्थानीय लोग कई बार पुलिस में शिकायत दे चुके हैं, मगर कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि गाजी का मामा पुलिस में है और उसके खिलाफ आने वाली हर शिकायत पर कार्रवाई करने की बजाय उल्टा शिकायतकर्ता को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर भगा देता था। इससे गाजी के हौसले बढ़ते गए। उसने अपना गिरोह बनाकर दबंगई करनी शुरू कर दी।
प्रदीप त्यागी के अनुसार, गाजी की गुंडागर्दी बढ़ने पर लोगों ने उसका विरोध करना शुरू कर दिया था। गाजी, श्योताज के किराएदारों को भी परेशान करता था। इस कारण अक्सर श्योताज और गाजी की कहासुनी होती रहती थी। पिछले दिनों गाजी ने श्योताज को देख लेने की धमकी भी दी थी। बुधवार सुबह करीब 8 बजे श्योताज डबुआ कॉलोनी में दूध बांटने आया था। इसी दौरान गाजी ने अपने 8-10 साथियों के साथ उसे घेर लिया और घसीटते हुए अपने घर ले गया। श्योताज के अनुसार, घर में सभी ने उसे डंडों और लोहे की रॉड से बुरी तरह पीटा। चाकू व अन्य धारदार हथियार से भी हमला किया। श्योताज को उठा ले जाने और पीटने की खबर मिलने ही उसके परिजन भी वहां पहुंच गए। लोगों को जमा होते देख हमलावर श्योताज को अधमरी हालत में छोड़ कर फरार हो गए।
गुस्साए लोगों ने लगाया जाम
घायल हालत में श्योताज को स्थानीय लोग बीके सिविल अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों के अनुसार, बदमाशों ने उनके दोनों पैर तोड़ दिए और एक हाथ की अंगुली भी काट दी। इस घटना से नाराज लोगों ने बीके चौक पर जाम लगा दिया। लोगों का आरोप था कि पुलिस ने जान बूझकर गाजी को ढील दी। पुलिस पहले ही उसके खिलाफ कार्रवाई करती तो इतनी बड़ी वारदात नहीं होती। जाम की सूचना मिलने पर मौके पर एसीपी एनआईटी गजेंद्र सिंह, एसीपी बड़खल सुखबीर सिंह सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने बुझाने के बाद लोगों ने जाम खोला। पुलिस ने श्योताज के बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।