एक लाख लोगों को मिलेगी भरपूर बिजली
फरीदाबाद। बिजली कटौती की मार झेल रहे सेक्टर-46 और आसपास के उपभोक्ताओं के लिए अच्छी खबर है। सेक्टर 46 में बन रहे 220 केवी के जीआईएस सबस्टेशन का निर्माण कार्य पूरा कर लिया गया है। इसकी टेस्टिंग का काम अंतिम चरण में है। इस माह से करीब एक लाख उपभोक्ताओं को निर्बाध बिजली मिलने लगेगी। उन्हें बार-बार पावर कट से नहीं जूझना पड़ेगा। साथ ही सेक्टर में फॉल्ट, ट्रिपिंग और ब्रेक डाउन जैसे समस्याओं से निजात मिलेगी।
सेक्टर-46 सबस्टेशन के अंतर्गत आने वाले इलाकों में बिजली कटौती की समस्या सबसे ज्यादा है। खासकर वीआईपी इलाकों में गिने जाने सेक्टर 21ए, डी ब्लॉक में। फॉल्ट और ब्रेक डाउन के कारण आए दिन दोनों इलाकों में पांच से छह घंटे बिजली गुल रहती है। भीषण गर्मी में रातभर लोग परेशान रहते हैं। बिजली न होने से हाथ के पंखों से काम चलाना पड़ता है। पिछले वर्ष ग्रीन फील्ड कालोनी में भारी कटौती के कारण विधायक सीमा त्रिखा को लोगों का रोष सहना पड़ा था। क्षेत्र में बढ़ती बिजली की समस्या को देखते हुए एचवीपीएनएल ने सेक्टर 46 सबस्टेशन को अपग्रेड कर 220 केवी का जीआईएस पावर हाउस बनाने की योजना तैयार की थी, जिसका निर्माण कार्य पूरा हो गया है।
इन इलाकों के उपभोक्ताओं को होगा लाभ
सेक्टर 46 सबस्टेशन से सूरजकुंड, दयालपुर, अनखीर, पल्ला, सेक्टर-21ए, बी, सी, डी, सेक्टर-46, 48, 49, एसजीएम नगर सहित एक दर्जन से अधिक इलाके जुड़े हुए हैं। वर्तमान में 66 केवी यह सबस्टेशन मैनुअल तरीके से संचालित हो रहा है। लोड बढ़ने से सबस्टेशन से जुड़े सभी इलाकों में बिजली कट लग जाते हैं। आए दिन इलाकों में फॉल्ट, ब्रेक डाउन और ट्रिपिंग की समस्याएं रहती हैं। खासकर सेक्टर 21डी का इलाका प्रभावित रहता है। इन इलाकों में रोजाना पांच से छह घंटे का कट रहता है। इसे देखते हुए एचवीपीएनएल ने सबस्टेशन का 66 केवी से बढ़ाकर 220 केवी का जीआईएस आधारित बनाने की दिशा में काम शुरू किया था, जो अब पूरा हो चुका है।
जिले को मिलेगा दूसरा जीआईएस सबस्टेशन
सेक्टर-46 में बनने वाला यह सबस्टेशन जिले का दूसरा गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन होगा। प्रदेश का पहला जीआईएस स्टेशन सेक्टर-18 में बनाया गया था। दिसंबर 2015 में सेक्टर-18 में हरियाणा विद्युत प्रसारण निगम ने प्रदेश के पहले गैस इंसुलेटेड सबस्टेशन की शुरुआत की थी। शहर को दूसरा जीआईएस स्टेशन जुलाई में मिल जाएगा। इससे शहर में बिजली सप्लाई बेहतर होगी। सेक्टर-46, 45, सूरजकुंड एरिया, अनखीर, ग्रीन फील्ड कालोनी, मेवला महाराजपुर, सेक्टर-21 इलाके में रहने वाले करीब एक लाख उपभोक्ताओं को इसका फायदा मिलेगा।
सेक्टर-46 सबस्टेशन को अपग्रेड करने का काम पूरा कर लिया गया है। सबस्टेशन में हाई वोल्टेज के नए ट्रांसफॉर्मर लगाए गए हैं। इसे 66 केवी से अपग्रेड कर 220 केवी का जीआईएस सबस्टेशन बनाया गया है। इसके चालू होने के बाद फीडरों पर ओवरलोड खत्म हो जाएगा और बिजली सप्लाई बेहतर होगी। जुलाई में इसे चालू करने का लक्ष्य रखा गया है।
- नीरज आहुजा, अधीक्षण अभियंता, एचवीपीएनएल