संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के बल्लभगढ़ क्षेत्र की हवा एक बार फिर खराब हो गई है। बीते दिनों प्रदूषण से कुछ राहत मिलने के बाद अब हवा में प्रदूषक कणों की मात्रा बढ़ गई है। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की रिपोर्ट के अनुसार बुधवार को बल्लभगढ़ का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 264 दर्ज किया गया। इसके साथ ही बल्लभगढ़ देश के सबसे प्रदूषित इलाकों में पांचवें स्थान पर रहा। वहीं, फरीदाबाद का एक्यूआई 126 दर्ज किया गया।
बल्लभगढ़ और फरीदाबाद के एक्यूआई में बड़ा अंतर देखने को मिला। बल्लभगढ़ में एक्यूआई 264 होने के कारण हवा खराब श्रेणी में रही, जबकि फरीदाबाद का एक्यूआई 126 मध्यम श्रेणी में दर्ज किया गया। बल्लभगढ़ में रहने वाले लोगों को प्रदूषण के कारण अधिक परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। हवा में प्रदूषक कण बढ़ने से बच्चों और बुजुर्गों को सांस संबंधी परेशानी का सामना करना पड़ा।