संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के विभिन्न कॉलेजों में दाखिला प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और अब सभी कोर्स की नियमित कक्षाएं शुरू कर दी गई हैं। छात्र-छात्राएं उत्साहपूर्वक कॉलेज पहुंच रहे हैं और पढ़ाई में जुट गए हैं। आईटीआई, बीए, बीएससी, बीकॉम समेत अन्य पाठ्यक्रमों की कक्षाओं में अच्छी उपस्थिति देखी जा रही है।
पंडित जवाहरलाल नेहरू राजकीय महाविद्यालय, राजकीय कन्या महाविद्यालय बल्लभगढ़, डीएवी कॉलेज, केएल मेहता कॉलेज, राजकीय महिला महाविद्यालय सेक्टर-16 और अग्रवाल कॉलेज जैसे प्रमुख संस्थानों में कक्षाएं शुरू की जा चुकीं हैं।
कॉलेज प्रशासन ने शिक्षण व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
इसी बीच छात्र-छात्राओं में आगामी यूथ फेस्टिवल को लेकर उत्साह देखा जा रहा है। हालांकि फिलहाल इसकी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन जल्द ही तारीखों का एलान किए जाने की संभावना जताई जा रही है। कॉलेज स्टाफ का कहना है कि जैसे ही विश्वविद्यालय की ओर से निर्देश मिलेगा, यूथ फेस्टिवल की तैयारियां शुरू कर दी जाएंगी। हर साल की तरह इस बार भी विभिन्न सांस्कृतिक और शैक्षणिक प्रतियोगिताओं के आयोजन की उम्मीद है। छात्रों ने कहा कि वे कॉलेज जीवन के इस नए चरण को लेकर उत्साहित हैं और यूथ फेस्टिवल के जरिए अपनी प्रतिभा दिखाने का इंतजार कर रहे हैं।
वर्जन
दाखिला प्रक्रिया पूर्ण हो चुकी है। सभी कॉलेजों में नियमित रूप से कक्षाएं चल रही हैं। छात्र कक्षा लेने के लिए उत्साह से पहुंच रहे हैं। -
भगत सिंह, प्रधानाचार्य, सह नोडल अधिकारी