फरीदाबाद। मॉडल संस्कृति स्कूल में दाखिले के लिए आवेदन शुरू हो गए हैं। अभिभावक और छात्र 10 अप्रैल तक विद्यालय में जाकर आवेदन कर सकते हैं।
शिक्षा अधिकारी रितु चौधरी ने बताया कि जिले में 91 मॉडल संस्कृति स्कूल हैं। इसमें से 85 प्राथमिक हैं, छह वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय हैं। हालांकि जिले में पूर्व में केवल एक ही मॉडल संस्कृति स्कूल संचालित था। 90 विद्यालयों को इस शैक्षणिक सत्र से संचालित किया जाएगा। नए स्कूलों में एक सेक्शन के साथ ही अंग्रेजी माध्यम से कक्षाओं की शुरुआत होगी। शिक्षा निदेशालय की ओर से सभी जिलों के मुखियाओं को विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए जा चुके हैं। आवेदन के लिए आवेदन पत्र स्कूल से मिलेंगे। जन्म प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र (आधार कार्ड या परिवार पहचान पत्र), आवेदन का फॉर्म आदि दस्तावेज जरूरी होंगे। दस्तावेजों के अभाव में छात्रों को दाखिले से वंचित नहीं किया जाएगा। ऐसे छात्रों को अस्थायी दाखिला देकर दस्तावेज उपलब्ध कराने के लिए 30 दिन का समय मिलेगा।
दाखिले के लिए तय किया गया आरक्षण
पहली से नौंवी कक्षा के लिए अंग्रेजी माध्यम का एक अतिरिक्त सेक्शन शुरू किया जाएगा। इसके तहत कक्षा पहली से पांचवीं के लिए अधिकतम 30, छठी से आठवी के लिए 35 और नौंवी व 11वीं के लिए 40 सीटें होंगी। 50 फीसदी सीटों पर उसी स्कूल के ऐसे छात्रों को दाखिला मिलेगा, जो अपनी पढ़ाई अंग्रेजी माध्यम से करना चाहते हैं। वहीं, 50 फीसदी सीटें बाहरी छात्रों के लिए रहेंगी। अगर स्कूल के छात्र अंग्रेजी माध्यम नहीं चुनते हैं तो ये सीटें बाहरी छात्रों को आवंटित कर दी जाएंगी।