संवाद न्यूज एजेंसी
हसनपुर। हसनपुर तहसील में कार्यरत कर्मचारियों पर रिश्वत मांगने का आरोप लगाते हुए मंगलवार को वकीलों ने कामकाज ठप रखा। वकीलों ने तहसील कार्यालय पर एकत्रित होकर कर्मचारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। वकीलों ने कहा कि भ्रष्ट कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक वह हड़ताल जारी रखेंगे।
अधिवक्ता गुरुदत्त शर्मा ने बताया कि हसनपुर में कार्यरत कर्मचारी नायब तहसीलदार के नाम पर लोगों से रजिस्ट्री, हस्तांतरण सहित अन्य कामों के लिए रुपयों की मांग करते हैं। बिना रुपयों के किसी का काम नहीं किया जाता। कर्मचारी से लेकर अधिकारी सभी रिश्वत मांगते हैं। रिश्वत न देने पर आमजन के साथ वकीलों के साथ भी अभद्रता करते हैं। वह तहसील कार्यालय में एक पारिवारिक हस्तांतरण वसीका पंजीकरण कराने के लिए गए थे, जिसके लिए उनसे 500 रुपये मांगे गए, जबकि पारिवारिक हस्तांतरण की कोई फीस नहीं लगती। रुपये देने से मना किया तो उसके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। जिसके चलते वकीलों ने हड़ताल करने का निर्णय लिया। वकीलों का कहना है कि अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई होने तक काम ठप रख जाएगा। हड़ताली वकीलों में अधिवक्ता सौरव कुमार अधिवक्ता, मनोज बैंसला, मोहित वशिष्ट, देवेंद्र कुमार, नरेंद्र चौहान, तोताराम, राजवीर सिंह, महेंद्र पाल, हेमंत कुमार शामिल रहे।