बृहस्पतिवार देर रात सतीश नामक व्यक्ति की हत्या कर भाग गया था राहुल
आरोपी को अदालत में पेश कर भेजा जेल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शराब पीकर हंगामा करने से रोकने पर फट्टे से पीटकर सतीश की हत्या कर भागे राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी 20 साल का राहुल पलवल के मितरोल गांव का मूल निवासी है। वो यहां खोरी गांव में रहता है। आरोपी से पूछताछ में सामने आया कि राहुल व मृतक सतीश दोनों पहले एक साथ हाउस कीपिंग का काम करते थे। सतीश को वहां से हटा दिया गया था। सतीश को शक था कि राहुल ने उसको नौकरी से हटवाया है। आरोपी राहुल कभी-कभार जब शराब पीता था तो सतीश ही जाकर राहुल की मां से उसकी शिकायत कर देता था।
राहुल ने खुलासा किया कि 25 दिसंबर की रात को भी सतीश ने जाकर मेरी मां को शिकायत की। इसी के चलते राहुल ने लकड़ी के फट्टे से सतीश के सिर पर चोट मारी और उसकी मौत हो गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।
सूरजकुंड थाना इलाके में ये वारदात बृहस्पतिवार 25 दिसंबर की देर रात लगभग 10 बजे हुई थी। गांव खोरी में रहने वाला सतीश रात को खाना खाने के बाद पास की दुकान से बीड़ी लेने गया था। इसी दौरान गली में राहुल शराब पीकर हंगामा कर रहा था। सतीश आगे गया तो राहुल की मां गली में मिली और अपने बेटे के बारे में पूछने लगी। तब सतीश ने कहा कि वो तो मेरे घर के पास हंगामा कर रहा है। सतीश भी राहुल की मां के साथ वापस आ गया। तभी राहुल ने लकड़ी का फट्टा उठाकर सतीश के सिर पर वार किए और भाग गया। लोगों ने सतीश को अस्पताल पहुंचाया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सतीश की पत्नी के बयान पर सूरजकुंड थाना पुलिस ने हत्या की एफआईआर दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।