साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने की कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डिजिटल अरेस्ट कर 81 लाख की ठगी के मामले में बैंक खाता उपलब्ध कराने वाले एक आरोपी को साइबर थाना बल्लभगढ़ की टीम ने गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान धर्मेंद्र सोनी (23) निवासी जोधपुर, राजस्थान के रूप में हुई है। पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सेक्टर-7डी, फरीदाबाद निवासी एक व्यक्ति ने साइबर थाना बल्लभगढ़ में शिकायत दी थी कि 14 से 18 अक्तूबर 2025 के बीच उसे कथित तौर पर डिपार्टमेंट ऑफ टेलीकम्युनिकेशन, डीसीपी बंगलूरू और सीबीआई मुंबई के अधिकारियों के नाम से लगातार वीडियो व ऑडियो कॉल आए। ठगों ने उसे डिजिटल अरेस्ट का डर दिखाते हुए बताया कि उसका नाम मनी लॉन्ड्रिंग और ह्यूमन ट्रैफिकिंग जैसे गंभीर मामलों में शामिल है।
ठगों ने केस से बाहर निकालने के नाम पर पीड़ित से अलग-अलग खातों में कुल 81 लाख रुपये ट्रांसफर करवा लिए। शिकायत के आधार पर साइबर थाना बल्लभगढ़ में संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस टीम ने धर्मेंद्र सोनी को गिरफ्तार किया। पूछताछ में सामने आया कि आरोपी ने गोकुल नामक व्यक्ति से बैंक खाता लेकर आगे साइबर ठगों को उपलब्ध कराया था। आरोपी 12वीं पास है और बेरोजगार बताया गया है।
पुलिस प्रवक्ता के अनुसार, इससे पहले इस मामले में गोकुल (खाताधारक), अजय और महावीर को गिरफ्तार किया जा चुका है। गोकुल के खाते में ठगी की करीब 30 लाख रुपये की राशि ट्रांसफर हुई थी।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर तीन दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। पुलिस मामले में अन्य आरोपियों और ठगी की रकम की बरामदगी के लिए आगे की कार्रवाई कर रही है।