9 साल से फरार 50 हजार का इनामी बदमाश धरा
फरीदाबाद। पिछले नौ साल से पुलिस को चकमा दे रहे 50 हजार के इनामी बदमाश रमेश उर्फ पप्पन को क्राइम ब्रांच एनआईटी ने गुजरात की सीमा से सटे राजस्थान के सिरोही जिले से गिरफ्तार किया है। हत्या के दो मामलों में उम्रकैद की सजा काट रहा पप्पन 2011 में पैरोल पर जेल से बाहर आने के बाद फरार हो गया था। फरारी के दौरान वह पलवल से एक विधवा महिला को भी अपने साथ भगा ले गया था और पिछले नौ साल से उसके साथ रह रहा था। पुलिस ने शुक्रवार को उसे अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
सहायक पुलिस आयुक्त (एसीपी) क्राइम अनिल यादव ने बताया कि क्राइम ब्रांच एनआईटी प्रभारी विमल कुमार को फरार बदमाश पप्पन के बारे में मुखबिरों से कई महत्वपूर्ण इनपुट मिले थे। धरपकड़ के लिए इंस्पेक्टर विमल के मार्गदर्शन में एक टीम का गठन किया गया, जिसमें एएसआई नरेंद्र सिंह, हवलदार सुमित कुमार, हवलदार यशपाल सिंह, सिपाही संजय, अमित व नरेश को शामिल किया गया। टीम कई दिनों तक भेष बदलकर सूचना के आधार पर गुजरात व राजस्थान में रेकी करती रही और बृहस्पतिवार 13 फरवरी को पुख्ता सूचना मिलने पर उसे गुजरात सीमा से सटे राजस्थान के सिरोही जिले से गिरफ्तार कर लिया गया।
------
हत्या के दो मामलों में हो चुकी है उम्रकैद की सजा
एसीपी क्राइम अनिल कुमार ने बताया कि पप्पन ने वर्ष 2002 में अपने दोस्त राजेंद्र उर्फ पतीला के साथ मिलकर मामूली कहासुनी होने पर गोविंद नामक युवक की गला दबाकर हत्या कर दी थी। थाना शहर बल्लभगढ़ में उनके खिलाफ 16 नवंबर 2002 को हत्या का मामला दर्ज किया गया था। वर्ष 2003 में पप्पन और पतीला ने पैसों के लेनदेन के कारण गुरुग्राम में संजय नामक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस पर इनके खिलाफ 23 जनवरी 2003 को थाना शहर गुरुग्राम में हत्या का मामला दर्ज किया गया था। इन दोनों मामलों में पप्पन को उम्र कैद की सजा हुई थी।
------
आठ साल सजा काटने के बाद हुआ फरार
एसीपी अनिल कुमार के अनुसार पप्पन 8 साल की सजा काटने के बाद वर्ष 2011 में जेल से 28 दिन की पैरोल पर जेल से बाहर आया था, मगर फिर वापस जेल नहीं लौटा और फरार हो गया। इस पर 29 जून 2011 को थाना छायंसा में मामला दर्ज किया गया था। जेल से फरार होने के बाद पप्पन पलवल की रहने वाली एक विधवा महिला को भी बहला फुसलाकर ले गया था। इस मामले में भी उसके खिलाफ थानला शहर पलवल में मामला दर्ज है।