मोहना अनाज मंडी में इनेलो की कार्यकर्ता बैठक का आयोजन संवाद न्यूज एजेंसी छांयसा। मोहना की अनाज मंडी में शनिवार को इंडियन नेशनल लोकदल (इनेलो) की कार्यकर्ता बैठक आयोजित की गई। बैठक में इनेलो के राष्ट्रीय अध्यक्ष अभय सिंह चौटाला ने बतौर मुख्यअतिथि शिरकत की। बैठक में 27 सितंबर को नूंह में ताऊ देवीलाल की जयंती पर होने वाले कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं को निमंत्रण दिया गया।
अभय चौटाला ने कार्यकर्ताओं से जयंती समारोह में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचने का आह्वान किया। उन्होंने आगामी चुनाव में इनेलो के पक्ष में मतदान करने और प्रदेश में पार्टी की सरकार बनाने का मौका देने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आज प्रदेश का हर वर्ग परेशान है। महंगाई के कारण आम परिवारों के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। कांग्रेस पर भी निशाना साधते हुए दोनों दलों की नीतियों पर सवाल उठाए। जिला अध्यक्ष रूपचंद लांबा ने अभय चौटाला और प्रदेश अध्यक्ष रामपाल माजरा का चांदी का मुकुट पहनाकर स्वागत किया।