सेक्टर-86 की समर पॉम सोसाइटी में सामने आया मामला
युवक के माता-पिता गए हुए थे दिल्ली
खेड़ीपुल थाना पुलिस कर रही जांच
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना इलाके के सेक्टर-86 की समर पॉम सोसाइटी में 14वीं मंजिल से कूदकर 20 साल के युवक ने आत्महत्या कर ली। मृतक मानव बीए सेकेंड ईयर का छात्र था। घटना के समय युवक के माता-पिता दिल्ली गए हुए थे। सोसाइटी के लोगों ने गंभीर हालत में युवक को निजी अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। परिवार ने भी आत्महत्या के कारणों के बारे में कुछ नहीं बताया है। मृतक के मोबाइल की जांच टीम कर रही है।
सोसाइटी में ये हादसा बुधवार शाम लगभग 7 बजे हुआ। यहां के टॉवर नंबर डी 1 के फ्लैट नंबर 1404 में समीर जोशी अपनी पत्नी रितू व बेटे मानव के साथ रहते हैं। माता-पिता अपने काम के सिलसिले में दिल्ली गए हुए थे। इसी दौरान फ्लैट में अकेले मौजूद मानव ने 14वीं मंजिल से ही छलांग लगा दी। नीचे युवक को सोसाइटी के अन्य लोगों ने गिरा देखा। गंभीर हालत में उसे तुरंत पास के निजी अस्पताल ले जाया गया। युवक के माता-पिता को सूचना दी गई तो वे भी अस्पताल पहुंचे। वहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित किया। सूचना के बाद खेड़ीपुल थाना से पुलिस टीम भी मौके पर व अस्पताल पहुंची। मौके से कोई सुसाइड नोट पुलिस को नहीं मिला है। इकलौते बेटे की मौत से आहत माता-पिता भी इस बारे में कुछ नहीं बता पा रहे हैं। उन पर तो मानो दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने बृहस्पतिवार को शव का पोस्टमार्टम करा परिवार के हवाले कर दिया।