फरीदाबाद। नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा ने सोमवार को निगम मुख्यालय में इंजीनियरिंग, सफाई और हॉर्टिकल्चर विभाग के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक के दौरान निगम आयुक्त ने शहर की स्वच्छता व्यवस्था और हरियाली को लेकर सख्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आगामी एक सप्ताह तक सभी जूनियर इंजीनियर (जेई) और सहायक सफाई निरीक्षक नियमित रूप से फील्ड में रहकर सफाई व्यवस्था की निगरानी करेंगे। इस दौरान शहर में लंबे समय से पड़े कूड़े के ढेर और निर्माण एवं विध्वंस (सीएंडडी) वेस्ट को हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
17 जुलाई को मेगा पौधरोपण अभियान
बैठक में शहर के पार्कों की स्थिति, रखरखाव, पौधरोपण, सिंचाई व्यवस्था और सौंदर्यीकरण की भी समीक्षा की गई। निगम आयुक्त ने हॉर्टिकल्चर विभाग को सभी पार्कों का नियमित रखरखाव करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही जहां जरूरत हो वहां पौधरोपण, घास की कटाई और सौंदर्यीकरण के कार्य तेज करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि 17 जुलाई को मेगा पौधरोपण अभियान के तहत प्रत्येक वार्ड में वार्ड समितियों, रेजिडेंट्स वेलफेयर एसोसिएशन और सामाजिक संगठनों के सहयोग से 101-101 पौधे लगाए जाएंगे। निगम आयुक्त ने कहा कि स्वच्छता, हरियाली और नागरिक सुविधाओं से जुड़े कार्य नगर निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान
बैठक में निगम आयुक्त ने हाल ही में नियुक्त 41 सहायक सफाई निरीक्षकों का स्वागत करते हुए उन्हें पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी अधिकारी प्रतिदिन सुबह अपने-अपने क्षेत्र में कम से कम एक किलोमीटर सड़क की विशेष सफाई सुनिश्चित कराएं। इसके बाद दोपहर में वार्डों में चिन्हित कूड़े के ढेर और सीएंडडी वेस्ट को प्राथमिकता के आधार पर हटाया जाए।