फरीदाबाद। उपायुक्त एवं जिला निर्वाचन अधिकारी आयुष सिन्हा ने एसआईआर को लेकर मतदाताओं से खास अपील की है। उन्होंने कहा कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के तहत फॉर्म जमा करने का मंगलवार को आखिरी दिन है। यदि इस दिन भी यह फॉर्म जमा नहीं किया गया, तो निर्वाचन आयोग के नियमों के अनुसार मतदाता सूची से नाम हटाया जा सकता है।
उपायुक्त आयुष सिन्हा ने कहा कि जिन लोगों ने अभी तक अपना प्रपत्र जमा नहीं कराया है, वे किसी भी स्थिति में यह मौका न गवाएं। मतदाता तुरंत अपने क्षेत्र के बीएलओ या संबंधित मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपना भरा हुआ गणना प्रपत्र जमा कराएं, ताकि उसे समय रहते ऑनलाइन पोर्टल पर अपलोड किया जा सके।
प्रशासन का कहना है कि यदि किसी कारणवश बीएलओ अभी तक आपके घर नहीं पहुंच पाया है या आप किसी वजह से फॉर्म भरने से वंचित रह गए हैं, तो आखिरी समय का इंतजार न करें। नागरिक खुद पहल करते हुए तुरंत अपने बीएलओ या मतदान केंद्र से संपर्क करें। उपायुक्त ने कहा कि अपने मताधिकार को सुरक्षित रखना हर नागरिक की जिम्मेदारी है इसलिए किसी भी असुविधा या वोटर लिस्ट से नाम कटने के खतरे से बचने के लिए इस काम को प्राथमिकता से पूरा करें। संवाद