-फायर ब्रिगेड की गाडी ने खासी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
स्ंवाद न्यूज एजेंसी
पुन्हाना। बिसरू रोड पर स्थित मेवात मॉडल संस्कृति स्कूल में सोमवार शाम करीब पांच बजे उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब स्कूल के कंप्यूटर रूम से अचानक धुआं उठता दिखाई दिया। कुछ ही पलों में धमाके जैसी आवाज सुनाई दी, जिससे आसपास मौजूद लोग सहम गए। स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए स्कूल के चौकीदार ने तुरंत डायल 112 पर सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम और फायर ब्रिगेड की गाड़ी मौके पर पहुंची। दमकल कर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पाया।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि कंप्यूटर रूम में लगे इनवर्टर में शार्ट सर्किट के कारण आग लगी। आग से कंप्यूटर उपकरण, इनवर्टर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक सामान को नुकसान पहुंचा है, हालांकि नुकसान का आकलन अभी किया जा रहा है। गनीमत यह रही कि घटना स्कूल समय के बाद हुई। यदि यह हादसा स्कूल संचालन के दौरान होता, तो बड़ी अनहोनी से इंकार नहीं किया जा सकता था। कंप्यूटर रूम में बड़ी संख्या में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण मौजूद होने के कारण आग तेजी से फैल सकती थी, जिससे छात्रों और स्टाफ की जान जोखिम में पड़ सकती थी।
स्कूल कर्मचारी सतपाल के मुताबिक स्कूल की छुट्टी साढे तीन बजे हुई थी जिसके बाद स्कूल की लाइट काटी हुई थी। शाम के तकरीबन पांच बजे कंप्यूटर रूम से अचानक धुआं निकलता हुआ दिखाई दिया जिसके कुछ देर बाद तेज धमाका हुआ। आग की सूचना डायल 112 पर दी गई जिसके कुछ देर बाद पुलिस की टीम सहित दमकल विभाग की गाडी मौके पर पहुंची पर आग पर काबू पाया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आग लगने के कारणों की जांच शुरू कर दी है। फायर ब्रिगेड कर्मचारी इस्ताक का कहना है कि समय रहते सूचना मिलने से आग को फैलने से रोक लिया गया, अन्यथा नुकसान और अधिक हो सकता था।