-कई संस्थानों का दौरा कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा, समस्याओं के निस्तारण के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
नूंह। हरियाणा के मुख्यमंत्री के ओएसडी एवं जिला नूंह फीडबैक व आउटरीच समन्वयक डॉ. राज नेहरू ने सोमवार को जिले में चल रही विभिन्न विकास योजनाओं और विभागीय कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। लघु सचिवालय के सभागार में आयोजित बैठक में उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की प्राथमिकताओं के अनुरूप आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री स्वयं जिला नूंह के विकास कार्यों पर लगातार नजर रखे हुए हैं और प्रत्येक योजना का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए। जन स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए डॉ. नेहरू ने पुन्हाना सहित उन क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति सुधारने के निर्देश दिए, जहां पानी की समस्या बनी हुई है। उन्होंने कहा कि हर घर जल योजना के तहत सभी आबादी वाले इलाकों में स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराया जाए। जहां पाइपलाइन से पानी नहीं पहुंच पा रहा है, वहां टैंकरों के माध्यम से वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। टोल फ्री जल आपूर्ति सेवाओं की नियमित मॉनिटरिंग और शिकायतों का तत्काल समाधान करने पर भी जोर दिया गया।
उन्होंने पेयजल के अवैध कनेक्शनों पर सख्ती बरतने के निर्देश दिए। घरेलू पानी का व्यावसायिक उपयोग करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध कनेक्शन हटाने और दोबारा उल्लंघन पर एफआईआर दर्ज कराने को कहा। उच्च शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने जिले के सभी छह राजकीय महाविद्यालयों में बुनियादी सुविधाएं दुरुस्त रखने, भवनों की मरम्मत, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए। राजस्व विभाग को ऑनलाइन पंजीकरण प्रणाली के तहत समयबद्ध रजिस्ट्रियां करने और लोगों को जागरूक करने को कहा गया। अधिकारियों ने बताया कि जिले में अब तक 4,700 से अधिक रजिस्ट्रियां ऑनलाइन की जा चुकी हैं।
स्वास्थ्य विभाग को पीएचसी, सीएचसी और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों में स्टाफ की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा सेवाओं की गुणवत्ता सुधारने के निर्देश दिए गए। लोक निर्माण विभाग को नूंह-पलवल स्टेट हाईवे को फोरलेन बनाने की प्रक्रिया तेज करने के लिए कहा गया। वहीं, पुन्हाना नगर पालिका क्षेत्र में सफाई व्यवस्था, नालियों की देखरेख, अतिक्रमण हटाने और अनाज मंडी की चारदीवारी दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक के बाद डॉ. राज नेहरू ने एसडीएम कार्यालय, कोर्ट परिसर, सीएचसी, कोऑपरेटिव सोसाइटी, पीएम श्री राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल मालब, भादस बूस्टर, फिरोजपुर नमक स्थित आंगनबाड़ी केंद्र सहित कई संस्थानों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।