घायल पिता-बेटे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ सेक्टर-3 क्षेत्र में रहने वाले परिवार पर दो साल पहले हुए झगड़े की रंजिश में चाकू से हमला कर दिया गया। इस दौरान पिता-बेटे गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। सेक्टर-8 थाना पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि मामले में दो आरोपियों सेक्टर-3 निवासी राहुल और पलवल के चांदहट गांव निवासी विशाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों को अदालत में पेश कर जेल भेजा गया है।
आरोपियों से पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों और शिकायतकर्ता के परिवार के बीच साल 2023 में किसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था। इसके समझौते को लेकर आरोपी पक्ष शिकायतकर्ता के परिवार पर दबाव बनाना चाहते थे। इसी को लेकर उन्होंने झगड़ा किया और शिकायतकर्ता के परिवार पर चाकू से हमला कर चोट पहुंचाई।
मामले में सेक्टर-3 पुलिस चौकी में ये शिकायत सेक्टर-3 के रहने वाले रोहित ने दी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 22 जून की रात लगभग 8 बजे वो किरायेदार के पास किसी काम से नीचे आए थे। तभी वहां घर के बाहर खड़े राहुल ने पुराने लड़ाई-झगड़े के मामले को लेकर गाली-गलौज करना शुरू कर दिया। शोर सुनकर रोहित के परिवार वाले भी नीचे आ गए। आरोप है कि तभी राहुल व उसके साथियों ने परिवार वालों पर हमला कर दिया। जिसमें राहुल के पिता व भाई पर आरोपियों ने चाकू से वार किया। हमला करने के बाद आरोपी मारने की धमकी देकर भाग गए। घायलों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया और सेक्टर-8 थाना में एफआईआर दर्ज की गई। अब मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।