डबुआ थाना क्षेत्र में हुआ हादसा, पुलिस ने दर्ज की एफआईआर
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। डबुआ काॅलोनी में एक ट्रैक्टर चालक ने 8 साल के बच्चे को टक्कर मार दी। हादसे में गंभीर रूप से घायल बच्चे को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं हादसे के बाद आरोपी चालक ट्रैक्टर-ट्रॉली को मौके पर छोड़कर भाग गया। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि डबुआ थाना पुलिस ने ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर आरोपी चालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है।
हादसे के दौरान बच्चा अपनी साइकिल में हवा भरवाने के लिए दुकान पर जा रहा था। बच्चे के पिता डबुआ काॅलोनी में रहने वाले अमित कुमार ने पुलिस को शिकायत दी है। ये एक फैक्टरी में काम करते हैं। शनिवार शाम को तीसरी कक्षा में पढ़ने वाला इनका बेटा सत्यम साइकिल के पहिये में हवा भरवाने के जा रहा था। गंगाराम चौक के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर चालक ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर सत्यम दूर जाकर गिरा। मौके पर मौजूद लोगों ने चालक को पकड़ने का प्रयास किया लेकिन वह भाग गया।
लोगों ने घायल सत्यम को इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई। डबुआ थाना पुलिस अब मामले में कार्रवाई कर रही है। सोमवार को बच्चे के शव का पोस्टमार्टम कराकर परिवार के हवाले कर दिया गया।