आरोपियों ने एप डाउनलोड कराकर उसमें खाता खुलवा करवाया निवेश
साइबर क्राइम थाना सेंट्रल में एफआईआर दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। शेयर बाजार में निवेश पर तीन गुना मुनाफे का झांसा देकर कारोबारी से 5.56 करोड़ रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने एप डाउनलोड कराकर उसमें खाता खुलवा निवेश करवाया। निवेश की रकम भी एप में तीन गुना दिखने लगी लेकिन रिफंड का समय देकर आरोपियों ने उससे पहले ही एप व व्हाट्सएप ग्रुप बंद कर दिए।
पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है। बैंकों से डिटेल लेकर पुलिस आरोपियों को पकड़ने का प्रयास कर रही है। ठगी को लेकर पुलिस को ये शिकायत ओल्ड फरीदाबाद सेक्टर-16ए के रहने वाले कारोबारी ललित वर्मा ने दी है। इनका कहना है कि अगस्त महीने में इन्हें एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया। इस ग्रुप को लक्ष्मीप्रिया पांडा और विनय गुप्ता चलाते थे। विनय गुप्ता को वो प्रोफेसर गुप्ता कहते थे। बी16 ट्रस्ट लाइन इंवेस्टर नेटवर्क नाम से बने इस ग्रुप में 118 सदस्य थे। बाद में एक ट्रस्ट लाइन वीआईपी 1073 ग्रुप में शिकायतकर्ता को जोड़ा गया और इसमें सिर्फ तीन मेंबर थे।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि शेयर बाजार में निवेश पर तीन गुना मुनाफे का दावा किया गया। उन्हें टीएल एफआईएन एप डाउनलोड करने को कहा गया। इसके बाद उनका खाता खोला गया। ग्रुप में कस्टमर केयर हेड नाम से मौजूद व्यक्ति इन्हें निवेश की रकम ट्रांसफर करने के लिए बैंक खातों की डिटेल भेजता था। इन खातों में रकम ट्रांसफर करने के बाद शिकायतकर्ता से ट्रांजेक्शन नंबर भी लिया जाता था। लक्ष्मी प्रिया ही शेयर की खरीद-बिक्री खुद करती थी। 22 अगस्त से 12 सितंबर के दौरान शिकायतकर्ता से कुल 55621548 रुपये निवेश करा लिए। एप में भी मुनाफे के साथ बढ़ी हुई रकम दिखने लगी। शिकायतकर्ता ने रिफंड के लिए कहा तो 15 सितंबर को रकम इन्हें ट्रांसफर करना बताया गया। आरोप है कि बाद में आरोपियों ने एप व व्हाट्सएप ग्रुप ही बंद कर दिए। अब मामले में पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।