प्रधानमंत्री मोदी कल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए रखेंगे आधारशिला,
625 करोड़ रुपये से होगा तैयार
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी 3 स्थित ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में मरीजों को बेहतर सुविधा देने के लिए 29 अक्तूबर धनतेरस वाले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए 500 बेड के अस्पताल की आधार शिला रखेंगे। इस अस्पताल की घोषणा मार्च के महीने में केंद्रीय श्रम एवं रोजगार मंत्री भूपेंद्र यादव द्वारा की गई थी। यह नया सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल होगा। जिसमें कैंसर, दिल अन्य का उपचार किया जाएगा। 625 करोड़ की लागत से अस्पताल का निर्माण केंद्रीय लोक निर्माण विभाग करेगा।
ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में फरीदाबाद के अलावा गुरुग्राम, दिल्ली, नोएडा, होडल, पलवल, हथीन आदि जिलों से रोजाना करीब 3500 मरीज उपचार करवाने के लिए आते हैं। अभी अस्पताल में 650 बेड हैं। जिसकी वजह से कुछ मरीजों को बेड खाली नहीं होने की वजह से डे केयर में भर्ती करने के बाद घर भेज दिया जाता है, लेकिन अब मरीजों को कोई परेशानी नहीं होगी। अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाएं बढ़ाने के लिए करीब 3 एकड़ में 500 बेड का अस्पताल बनाया जाएगा। यह अस्पताल पुरानी बिल्डिंग को तोड़ कर बनाया जाएगा। जिसकी आधार शिला 29 अक्तूबर, धनतेरस को पीएम वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए करेंगे। इस अस्पताल के अलावा अन्य कई और ईएसआईसी अस्पतालों की भी आधार शिला रखी जाएगी। जिसमें गुरुग्राम स्थित मनेसर का अस्पताल भी है।
यह अस्पताल करीब 625 करोड़ की लागत से बनाया जा रहा है। अभी 500 बेड की मंजूरी मिली है, लेकिन उनकी ओर से उच्च अधिकारियों के पास 650 बेड करने की अनुमति के लिए पत्र भेजा हुआ है। जिसकी अनुमति जल्द ही मिलने की उम्मीद है। इस अस्पताल में ऑपरेशन थियेटर के साथ प्रयोगशाला भी बनाई जाएगी। इस कार्यक्रम में सांसद कृष्णपाल गुर्जर, विधायक दिनेश अधलखा, अपर आयुक्त एवं क्षेत्रीय निदेशक ए जे एम मुरलीधर राव ने बताया कि उनके पास देर शाम तक उच्च अधिकारियों की ओर से पत्र आएगा। जिसके बाद वह कार्यक्रम के बारे में जानकारी दे पाएंगे।