ऑनलाइन त्वचा संबंधी उत्पाद नहीं आने पर कस्टमर केयर से की थी बात
आरोपी ने महिला के फोटो को अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी दी
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। एक महिला को ऑनलाइन त्वचा संबंधी सामान खरीदना भारी पड़ गया। महिला ने 811 रुपये का सामान मंगाया था, लेकिन नहीं मिला। पैसे वापस मांगने पर आरोपी ने एक एप मोबाइल में डाउनलोड करवा लिया। इसके बाद मोबाइल से फोटो समेत अन्य जानकारी ले ली। इसके बाद आरोपी ने महिला को धमकी दी कि उसके फोटो को अश्लील बनाकर वायरल कर देगा और उससे 9.68 लाख रुपये ठग लिए। थाना साइबर बल्लभगढ़ ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-तीन निवासी महिला ने बताया कि 7 जून को ओजिवा कंपनी से स्किन प्रोडक्ट मंगवाया था, जो नहीं मिला। उसने ऑनलाइन कंपनी का कस्टमर केयर का नंबर लेकर कर्मचारी से बात की। कर्मचारी ने आश्वासन दिया कि 811 रुपये उसके खाते में वापस भेज दिए जाएंगे। आरोपी ने पीड़िता से प्ले स्टोर से रस्टडस्क एप डाउनलोड करवा लिया। कस्टमर केयर ने महिला से एप की आईडी मांगी, जिसे देने से उन्होंने मना कर दिया। आरोपी ने पीड़ित महिला को खाते का बैलेंस चेक करने के लिए एक नंबर बताया। महिला ने उक्त नंबर को डायल किया तो कोई रिस्पांस नहीं मिला। 811 रुपये नहीं मिलने पर दोबारा से कस्टमर केयर को फोन किया। कुछ देर बाद एक एसएमएस आया, जिसमें खाते से 96,430 रुपये सोनू प्रजापति के खाते में जाने के बारे में जानकारी मिली। कस्टमर केयर को फोन किया तो कर्मचारी ने कहा कि पैसे गलती से चले गए हैं, वापस आ जाएंगे। पैसे वापस करने के लिए उन्होंने दोबारा से एप की आईडी को मांगा, जिसे महिला देने से मना कर दिया। इस पर कस्टमर केयर ने धमकी देते हुए कहा कि मोबाइल का सारा डाटा उसके पास है और फोटो को अश्लील बनाकर वायरल करने की धमकी दी। इस पर महिला ने आरोपी को आईडी बता दी। आरोपी ने कई बार में खाते से 9.68 लाख रुपये धोखाधड़ी से निकाल लिए।