- तीसरी काउंसलिंग 22 जुलाई से शुरू, कुल 2200 सीटें हैं
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले के औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (आईटीआई) में दाखिले की प्रक्रिया जारी है। सत्र 2025-26 के लिए फरीदाबाद जिले की नौ आईटीआई में कुल 2,220 सीटें निर्धारित की गई हैं, जिनमें अब तक 900 छात्रों ने विभिन्न ट्रेड में दाखिले लिए हैं। रिक्त सीटों के लिए तीसरी काउंसलिंग 22 जुलाई से शुरू होगी।
एनआईटी-5 स्थित आईटीआई में सबसे अधिक 235 छात्रों ने दाखिले लिए हैं। यह संस्थान हर वर्ष तकनीकी शिक्षा के प्रति छात्रों की विशेष रुचि का केंद्र रहा है। इसके अतिरिक्त फरीदाबाद ओल्ड में 83, पाली में 76, तिगांव में 93, सिकरोना में 79, मोहना में 80, फतेहपुर बिल्लौच में 86, ऊंचा गांव महिला आईटीआई में 100 और फरीदाबाद महिला आईटीआई में 80 सीटों पर छात्रों ने प्रवेश लिया है।
आईटीआई में दाखिला लेने की तैयारी कर रहे अभ्यर्थी अब तीसरी मेरिट सूची का इंतजार कर रहे हैं। पहले और दूसरे चरण में चयन से वंचित रह गए छात्रों को उम्मीद है कि तीसरे चरण में उन्हें मौका मिलेगा।
वर्जन-
संस्थान केवल किताबी ज्ञान तक सीमित नहीं है, बल्कि यहां विद्यार्थियों को उद्योगों से जोड़ कर व्यावहारिक प्रशिक्षण भी प्रदान किया जाता है, जिससे वे रोजगार के लिए तैयार हो सकें।- भगत सिंह, प्राचार्य, एनआईटी-5 आईटीआई