बिजली के बकायेदारों पर कसा जाएगा शिकंजा
फरीदाबाद। बिजली निगम की पुलिस टीम ने बकायेदारों पर शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। बृहस्पतिवार को डीएसपी जितेश मल्होत्रा ने पांच लाख रुपये से अधिक के बकायेदारों की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए हैं। उन्होंने कहा कि जिले में करीब 55 बकायेदार ऐसे हैं जिन पर पांच लाख रुपये से अधिक का बकाया है।
बिजली निगम की ओर से पिछले दिनों बिल सेटलमेंट स्कीम चलाई गई थी। इसमें कई ऐसे उपभोक्ता भी शामिल थे, जिन पर निगम का पांच लाख रुपये से अधिक का बकाया है। इनके खिलाफ बिजली थाना में मामला भी दर्ज है। बिजली चोरी के केस में फंसे करीब 55 बकायेदारों की गिरफ्तारी के आदेश जारी किए गए हैं। बिजली एवं सिंचाई थाने में स्पेशल टीम बनाई गई है, जिसमें एएसआई राजकुमार, विजय अजीत आदि पुलिस अधिकारी शामिल हैं।
विभाग की ओर से बिजली चोरों की गिरफ्तारी के लिए स्पेशल टीम बनाई गई है। पुलिस अधिकारियों को मौके पर जाकर आरोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए गए हैं। - जितेश मल्होत्रा, डीएसपी सिंचाई एवं बिजली