- आरोपियों ने अलग-अलग बहाने से की ठगी
- साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ में प्राथमिकी दर्ज की गई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। साइबर जालसाजों ने जिले के अलग-अलग इलाके में रहने वाले 6 लोगों से 10.34 लाख रुपये ठग लिए। शिकायत देने वालों में दो महिलाएं व एक बुजुर्ग भी शामिल हैं। आरोप है कि क्रेडिट कार्ड अपग्रेड करने, बैंक खाता केवाईसी, प्रीपेड टास्क में मुनाफे, क्रेडिट कार्ड से चार्ज हटाने समेत अन्य बहाने से ठगी की गई। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सभी मामलों में साइबर क्राइम थाना एनआईटी, सेंट्रल व बल्लभगढ़ की टीम ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की है।
पहले मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-21 के रहने वाले युवक ने दी है। उन्होंने बताया कि 13 अक्तूबर को ठग ने बैंककर्मी बनकर संपर्क किया। आरोपी ने क्रेडिट कार्ड विंग का कर्मचारी बताकर बात की और लिंक भेजकर कार्ड डिटेल ली और 50 हजार रुपये निकाल लिए।
दूसरे मामले में साइबर क्राइम थाना एनआईटी पुलिस को शिकायत सेक्टर-22 निवासी महिला ने दी है। उन्होंने कहा कि 18 नवंबर को ठगों ने प्रीपेड टास्क में निवेश पर मुनाफे का झांसा देकर 62 हजार रुपये ठग लिए। तीसरे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-88 निवासी अजय ने दी है। इनका कहना है कि 5 नवंबर को ठगों ने इनकी सास के खाते से केवाईसी अपडेट करने के बहाने 48,996 रुपये ठग लिए।
चौथे मामले में साइबर क्राइम थाना सेंट्रल पुलिस को शिकायत सेक्टर-76 निवासी व्यक्ति ने दी है। इनका आरोप है कि 9 व 10 नवंबर को ठगों ने व्हाट्सएप पर एपीके फाइल भेजकर 2,74,769 रुपये ठग लिए। पांचवें मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-11 निवासी बुजुर्ग ने दी है। इनका कहना है कि 30 जुलाई को ठगों ने एसबीआई बैंक का कस्टमर केयर कर्मचारी बनकर संपर्क किया। फिर एसबीआई से एचडीएफसी खाते में रुपये ट्रांसफर करने के बहाने 2,46,208 रुपये की ठगी कर ली।
छठे मामले में साइबर क्राइम थाना बल्लभगढ़ पुलिस को शिकायत सेक्टर-3 निवासी महिला ने दी है। इनका कहना है कि 23 अक्तूबर को ठगों ने बैंककर्मी बनकर संपर्क किया। आरोपियों ने क्रेडिट कार्ड पर इंटरनेशनल चार्ज हटाने के बहाने से 3.53 लाख रुपये ठग लिए।